स्टेट डेस्क : मुंगेर को आस, फिर आएंगे रामनाथ कोविंद

संतोष सहाय, मुंगेर। बिहार के राज्यपाल रहते रामनाथ कोविंद को योगनगरी मुंगेर से खासा लगाव

By JagranEdited By: Publish:Thu, 20 Jul 2017 07:42 PM (IST) Updated:Thu, 20 Jul 2017 07:42 PM (IST)
स्टेट डेस्क : मुंगेर को आस, फिर आएंगे रामनाथ कोविंद
स्टेट डेस्क : मुंगेर को आस, फिर आएंगे रामनाथ कोविंद

संतोष सहाय, मुंगेर। बिहार के राज्यपाल रहते रामनाथ कोविंद को योगनगरी मुंगेर से खासा लगाव था। यही कारण था कि वे दो बार मुंगेर आए। 31 मई 2016 को मुंगेर के बिहार योग विद्यालय में बाल योग मित्र मंडल के सदस्यों ने उनके मुंगेर आगमन पर उन्हें फिर से आने का निमंत्रण भी दिया था।

ऐसे में मुंगेर के लोगों के मन में यह सवाल कौंध रहा है कि रामनाथ कोविंद क्या राष्ट्रपति बनने के बाद भी मुंगेर आएंगे। 2016 में रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी के साथ मुंगेर पहुंचे थे। उन्होंने चंडिका स्थान में पूजा-अर्चना भी की थी। तत्कालीन राज्यपाल रामनाथ कोविंद के साथ योग विद्यालय में बिताए क्षणों को याद करते हुए समाजसेवी शिव कुमार रूंगटा ने बताया कि रामनाथ कोविंद बाल योग मित्र मंडल के कार्यक्रम में शिरकत कर अभिभूत हो उठे थे। बच्चों को संबोधित करते हुए महामहिम ने कहा था कि ईश्वर ने लोगों को दो हाथ, दो पैर, दो कान, दो आंख दिए, लेकिन मुंह मात्र एक ही दिया है। इससे स्पष्ट है कि लोगों को अधिक काम करना चाहिए, अधिक देखना और सुनना चाहिए, लेकिन कम बोलना चाहिए। आज के परिवेश में ठीक इसका उल्टा हो रहा है। लोग सुनने और पढ़ने से अधिक बोलने में विश्वास करते हैं। यह गलत है। महामहिम ने कहा था कि मुंगेर आकर वे बहुत खुश हैं। योग विद्यालय आने के बाद यहां के संन्यासियों और बाल योग मित्र मंडल के बच्चों का अनुशासन देखकर उनका मन गदगद हो गया था। कार्यक्रम के दौरान छात्रा मुस्कान के उद्बोधन और योग के प्रति उसकी निष्ठा की भी उन्होंने सराहना की थी। उस अवसर पर बाल योग मित्र मंडल के सदस्यों ने तत्कालीन राज्यपाल रामनाथ कोविंद से 14 फरवरी को बाल योग मित्र मंडल के स्थापना दिवस पर आने का अनुरोध किया था। इस पर रामनाथ कोविंद ने महाभारत की एक कहानी सुनाते हुए कहा कि भविष्य को किसी ने नहीं देखा है। ऐसे में मैं अभी यह आश्वासन नहीं दे सकता। मुझे क्या पता कि मैं 14 फरवरी को बिहार में रहूंगा या नहीं! बिहार योग विद्यालय से जुड़े शिव कुमार रूंगटा ने कहा कि रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति बनने से मुंगेर के लोग खुश हैं। लोगों को उम्मीद है कि राष्ट्रपति के रूप में वे मुंगेर जरूर आएंगे।

chat bot
आपका साथी