पुरैनी में हो रही है महापर्व छठ की तैयारी

मधेपुरा। लोक आस्था व सूर्योपासना का महापर्व छठ की तैयारियां पुरैनी प्रखंड क्षेत्र में जारी है

By JagranEdited By: Publish:Tue, 17 Nov 2020 06:28 PM (IST) Updated:Tue, 17 Nov 2020 06:28 PM (IST)
पुरैनी में हो रही है महापर्व छठ की तैयारी
पुरैनी में हो रही है महापर्व छठ की तैयारी

मधेपुरा। लोक आस्था व सूर्योपासना का महापर्व छठ की तैयारियां पुरैनी प्रखंड क्षेत्र में जारी है। छठ पर्व को लेकर पोखरों व जलाशयों के किनारे घाट बनाने का काम जोरों पर किया जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की ओर जाने वाले रास्तों को भी दुरूस्त कर उसकी साफ-सफाई की जा रही है। विभिन्न युवा संगठनों व श्रृद्धालुओं के परिजनों द्वारा खुद के स्तर से छठ घाटों की साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। मालूम हो कि महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक स्तर से भी सुरक्षा उपायों की मुक्कमल व्यवस्था की कवायद शुरू कर दी गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी विरेन्द्र कुमार, अंचलाधिकारी रामअवतार यादव व थानाध्यक्ष दीपक चन्द्र दास प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों के निरीक्षण करने में जुटे हैं। सीओ रामअवतार यादव द्वारा पानी से लबालब भरे गहरे छठ घाटों को चिन्हित कर वहां गोताखोर की प्रतिनियुक्ति करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि गहरे पानी वाले घाटों की बैरिकेडिंग भी कराई जाएगी। थानाध्यक्ष दीपक चंद्र दास ने बताया कि सभी भीड़-भाड़ वाले छठ घाटों पर प्रशासनिक स्तर से कड़ी निगरानी की जा रही है। सभी छठ घाटों पर चौकीदार एवं दफादार की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। छठ पर्व के अ‌र्घ्य के दौरान दोनों पहर सभी घाटों पर पुलिस बल मुस्तैद रहेंगे। बीडीओ विरेन्द्र कुमार ने कहा कि कोविड-19 को लेकर छठ घाट पर सरकारी गाइड लाइन के बीच शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पर्व मनाया जाएगा। इसमें सबों के सहयोग की आवश्यकता है। महापर्व को शांतिपूर्वक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर उन्होंने खासकर सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों से सहयोग करने की अपील की है। इधर छठ पूजन सामग्रियों की छोटी-बड़ी दुकानें मुख्य बाजार में पूर्ण रूपेण सज चुकी है। पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में आमलोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। सूप, डाला, मौसमी फलों व अन्य पूजन सामग्री से बाजार भरा-परा है। मंगलवार से ही छठ पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी है। साथ ही छठ पर्व के लोक गीतों से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान होने लगा है।

chat bot
आपका साथी