बिहार में कानून नहीं, क्रिमिनल राज : विधायक

संवाद सूत्र मुरलीगंज (मधेपुरा) रघुनाथपुर पंचायत के कन्या विद्यालय में किसान चौपाल का आयोजन

By JagranEdited By: Publish:Fri, 28 Jan 2022 05:49 PM (IST) Updated:Fri, 28 Jan 2022 05:49 PM (IST)
बिहार में कानून नहीं, क्रिमिनल राज : विधायक
बिहार में कानून नहीं, क्रिमिनल राज : विधायक

संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा) : रघुनाथपुर पंचायत के कन्या विद्यालय में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। राजद कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित चौपाल की अध्यक्षता युवा राजद के प्रखंड अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि विकास कुमार ने की।

किसान चौपाल को संबोधित करते हुए मधेपुरा के राजद विधायक व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री प्रो. चंद्रशेखर ने कहा कि बिहार में कानून का नहीं क्रिमिनल का राज है। सत्ता संरक्षित अपराधियों का तांडव बदस्तूर जारी है। किसी का जान माल सुरक्षित नहीं है। छात्र नौजवानों के भविष्य के साथ एक सुनियोजित साजिश के तहत खिलवाड़ की जा रही है। किसानों में हाहाकार मची है और सरकार समाज सुधारने चली है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण किसान तबाह और परेशान है। वे अपने खेती को छोड़कर काम की खोज में दूसरे राज्य पलायन कर रहे हैं, अगर खेती और किसानी बचाना है तो पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के किसानों से सीख लेना होगा। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानून के खिलाफ एक वर्ष तक चले लंबे किसान आंदोलन व 700 किसानों की शहादत के बल पर मोदी सरकार को घुटने टेकने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रो. चंद्रशेखर ने बिहार के विभिन्न जिलों में हो रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा बुनियादी परिवर्तन का सबसे तेज हथियार है। इसलिए आज सरकार शिक्षा को चौपट करने में लगी है। उन्होंने आगामी तीन फरवरी को मधेपुरा जिला समाहरणालय के समक्ष कला भवन परिसर में आयोजित धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान आम जनों से की।

किसान चौपाल को संबोधित करते हुए भाकपा के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार किसान विरोधी है। 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुना करने के पीएम मोदी के वादे छलावा साबित हुआ है। राजद के प्रदेश महासचिव देव किशोर यादव ने कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों में पूरी तरह विफल है। युवा राजद के जिला प्रवक्ता संजीव कुमार, युवा नेता अरुण कुमार व रितेश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास योजना व गरीबी उन्मूलन योजना भ्रष्टाचार का भेंट चढ़कर रह गया है। किसान चौपाल को प्रखंड प्रमुख मु.जब्बार, पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार सिंह, समाजसेवी जय नारायण यादव, आलोक कुमार, लीलाधर प्रसाद यादव, अमोल कुमार आलोक, अर्जुन यादव आदि ने संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी