नरेंद्र मोदी एक सौ पच्चीस करोड़ जनता को साथ लेकर चलना चाहते हैं : रविशकर प्रसाद

By Edited By: Publish:Sun, 17 Aug 2014 10:24 PM (IST) Updated:Sun, 17 Aug 2014 10:24 PM (IST)
नरेंद्र मोदी एक सौ पच्चीस करोड़ जनता को साथ लेकर चलना चाहते हैं : रविशकर प्रसाद

फोटो-17 केएचजे-18

-यह महागंठबंधन नहीं, महाभ्रष्ट गंठबंधन है : चिराग पासवान

-लालू कहते थे नीतीश बबूल है, आज फूल कैसे हो गए : नंद किशोर यादव

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया) : परबत्ता विधानसभा क्षेत्र की भाजपा रालोसपा समर्थित लोजपा प्रत्याशी सुहेली मेहता की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रविशकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की एक सौ पच्चीस करोड़ जनता को साथ लेकर चलना चाहते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद अलग -अलग नरेंद्र मोदी को रोक रहे थे। अभी दोनों मिलकर रोकने में लगे हुए हैं। एक ने चालीस में दो सीट लाया दूसरे ने तीन सीट। नरेंद्र मोदी अकेले चलते रहे। नीतीश महागठबंधन के तहत बिहार को 1990 के रास्ते पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। इसीलिए आज हत्या- लूट आदि की घटनाएं बढ़ रही हैं। वे कहते हैं कि नरेंद्र मोदी ने देश को क्या दिया। आज छात्रों के लिए पूरे बिहार में विकास के मद्देनजर तकनीकी शिक्षा को लेकर एमआई की पढ़ाई शुरू की जा रही है। जिस समय भाजपा साथ थी, उस समय हम सांप्रदायिक नहीं थे, आज हमें सांप्रदायिक कहा जा रहा है।

लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान ने लालू- नीतीश को आडे़ हाथों लेते हुए कहा, यह महागंठबंधन नहीं, महाभ्रष्ट गंठबंधन है। भाजपा लोजपा रालोसपा से डर कर नीतीश कुमार और लालू प्रसाद ने यह महागठबंधन किया है। पहले जंगल राज खत्म करने की बात करते थे। अब दोनों मिलकर बिहार को महाजंगल राज में ले जाना चाह रहे हैं। यहां की जनता क्यों नहीं पूछती कि 15 साल में आपने क्या-क्या किया। कांग्रेस का बहुत दिनों तक शासन रहा उसने क्या किया।

विधानसभा में विपक्ष के नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि आज जो परबत्ता में उपचुनाव हो रहा है, वह ऐतिहासिक है। यहां के नेता, जो चुनाव जीत कर गए उन्होंने आप लोगों को धोखा दिया। मंत्री के लोभ -लालच में लालू प्रसाद का पहले साथ देते थे। रातों- रात चोला बदल लिए। उन्होंने कहा कि जिस नीतीश कुमार के बारे में लालू कहते थे कि यह बबूल है, वह वह आज फूल हो गया है। ढाई महीने में हिसाब मांग रहें हैं तो उनके लंबे कार्यकाल का हिसाब कौन लेगा। वहीं पूर्व केंद्र मंत्री सीपी ठाकुर ने कहा, यदि बिहार को बढ़ाना चाह रहे हैं तो नरेंद्र मोदी को देखना है । यदि जंगल राज में ले जाना है तो आपको सोचना है। आपके सामने वक्त आ गया है। बेगूसराय के सासद भोला सिंह ने कहा कि मैं 50 वषरें से राजनीति में हूं। अब देख रहा हूं कि सुनहरा दिन आने वाला है । उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव आप पर थोपा गया हैं। भाजपा रालोसपा समर्थित लोजपा प्रत्याशी सुहेली मेहता ने कहा कि आप हमें स्वीकार करेगें। अपना वोट देकर विधानसभा में भेजने का काम करेंगे तो वर्षो की शिकायत दूर हो जाएगीं। सारी सरकारी सुविधा आपके दरवाजे पर मौजूद रहेगी । सभा को भाजपा के जिला अध्यक्ष रामानुज चौधरी, लोजपा के प्रखंड अध्यक्ष नवल कुमार, भाजपा प्रदेश महिला महामंत्री स्वस्तिका सिंह कुशवाहा, रालोपसा के जिला अध्यक्ष मंटून कुमार, रालोसपा जिला सचिव कुन्दन कुमार, साकेत कुमार, लोजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अनन्त कुमार गुप्ता व कामेश्वर यादव ने भी संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी