मनिहारी-कटिहार पथ को बाढ़ प्रभावितों ने चार घंटे रखा जाम

कटिहार। प्रखंड के कुमारीपुर पंचायत में बाढ़ सहायता राशि को लेकर तैयार सूची में काफी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Oct 2019 07:00 PM (IST) Updated:Wed, 23 Oct 2019 06:25 AM (IST)
मनिहारी-कटिहार पथ को बाढ़ प्रभावितों ने चार घंटे रखा जाम
मनिहारी-कटिहार पथ को बाढ़ प्रभावितों ने चार घंटे रखा जाम

कटिहार। प्रखंड के कुमारीपुर पंचायत में बाढ़ सहायता राशि को लेकर तैयार सूची में काफी संख्या में वास्तविक पीड़ितों का नाम गायब रहने को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मनिहारी-कटिहार मुख्य मार्ग को कुमारीपुर चौक पर टायर जलाकर जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सूची बनाने में भेदभाव का आरोप लगाते हुए स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। प्रदर्शनकारियों में महिलाओं की संख्या भी काफी थी। सड़क जाम कर रहे लोगों ने एम्बुलेंस व शव वाहन को छोड़ अन्य किसी वाहन को पार नहीं होने दिया। इससे काफी तादाद में वाहन जाम में फंसे रहे और लोगों को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत में कुल सत्रह वार्ड है तथा सभी बाढ़ से प्रभावित हैं। परंतु प्रशासन सिर्फ दस वार्डों को ही बाढ़ से प्रभावित मानकर सहायता राशि दे रही है। पंचायत के जनप्रतिनिधियों के बातों को भी कोई तरजीह नहीं दी जा रही है। उनका आरोप था कि स्थानीय प्रशासन ने कुमारीपुर पंचायत के सात वार्डों को जानबूझकर साजिश के तहत सरकारी राहत से वंचित कर दिया है। जबकि कुमारीपुर पंचायत से सटे मनोहरपुर पंचायत को पूर्ण बाढ़ प्रभावित घोषित कर दिया गया है। मनोहरपुर के गोलाघाट गांव के लोगों को राहत राशि मिल रही है, जबकि कुमारीपुर के गोलाघाट गांव को इससे बंचित कर दिया गया। इधर जाम की सूचना पर पहुंची मनिहारी थाना की पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीओ रविकांत सिन्हा, एसडीपीओ मु. एसएच फखरी, बीडीओ छाया कुमारी, मनिहारी पुलिस पदाधिकारी व जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीओ व एसडीपीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जांच कराकर जो भी बाढ़ प्रभावित है, उन्हें हरहाल में सरकारी स्तर पर बाढ़ सहायता राशि दी जाएगी। इस आश्वासन पर लोग शांत हुए और जाम हटाया जा सका। इस जाम के चलते लगभग चार किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

एक सप्ताह पूर्व ही प्रशासन को किया था अगाह

मनिहारी : कुमारीपुर पंचायत के लोगों ने तकरीबन एक सप्ताह पूर्व ही इसको लेकर अधिकारियों को आवेदन दिया था। साथ ही यह भी अगाह किया था कि अनुकूल कार्रवाई नहीं होने पर वे लोग सड़क पर उतरेंगे। प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई सुधि नहीं लिए जाने पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बता दें कि मनिहारी नगर पंचायत के लोगों को भी सहायता राशि से वंचित किए जाने के कारण उन लोगों में भी गहरा आक्रोश है।

chat bot
आपका साथी