40 हजार की आबादी को सुरक्षा देने वाले खुद हैं असुरक्षित

कटिहार। 40 हजार की आबादी के सुरक्षा का दारोमदार संभालने वाला सालमारी ओपी खुद संसाधन क

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Jul 2020 10:25 PM (IST) Updated:Thu, 02 Jul 2020 10:25 PM (IST)
40 हजार की आबादी को सुरक्षा देने वाले खुद हैं असुरक्षित
40 हजार की आबादी को सुरक्षा देने वाले खुद हैं असुरक्षित

कटिहार। 40 हजार की आबादी के सुरक्षा का दारोमदार संभालने वाला सालमारी ओपी खुद संसाधन का अभाव झेल रहा है। स्थापना के 34 साल बाद भी ओपी के लिए मुकम्मल संसाधन की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके कारण ओपी में कार्यरत पुलिस पदाधिकारी, जवान सहित आमलोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ओपी की स्थापना 1986 में हुई थी। ओपी पर आठ पंचायतों के 40 हजार आबादी के सुरक्षा की जिम्मेदारी है।

ओपी का संचालन सालमारी बाजार स्थित एक निजी मकान में भाड़ा पर किया जा रहा है। जहां पहुंचने के लिए पक्की सड़क तक की व्यवस्था नहीं हो पाई है। बरसात में दो पहिया वाहन भी मुश्किल से ओपी तक पहुंच पाता है। ऐसे में ओपी में उपलब्ध सुविधा का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। संसाधन के अभाव में यहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारी भी हर दिन परेशानी झेलने को मजबूर होते हैं।

निर्माण के लिए प्रस्तावित है भूमि नहीं निकला निदान :

सालमारी ओपी के लिए सालमारी-बारसोई मुख्य मार्ग पर चार वर्ष पूर्व ही प्रस्तावित भूमि का ब्यौरा विभाग को भेजा गया है। लेकिन विभागीय स्तर पर थाना निर्माण को लेकर कोई पहल नहीं हो पाई है। जबकि समस्या के कारण लगातार लोग ओपी के निर्माण की मांग कर रहे हैं।

लगातार उठ रही निर्माण की मांग :

ओपी में संसाधन के अभाव व समस्या को लेकर लगातार निर्माण की मांग उठती रही है। लोग प्रस्तावित भूमि पर शीघ्र निर्माण की मांग कर रहे हैं। पूर्व मुखिया संघ अध्यक्ष अक्षय सिंह, पूर्व एमएलसी मोहनलाल अग्रवाल, सालमारी मुखिया प्रतिनिधि शकील अंजुम, आप जिलाध्यक्ष डा. एमआर हक, अमित अग्रवाल आदि ने शीघ्र इस दिशा में पहल का अनुरोध जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से किया है।

chat bot
आपका साथी