'घड़ी' खोल अब 'लालटेन' जला सकते हैं डॉ. रामप्रकाश

कटिहार। पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रकाश महतो जल्द ही राकांपा से नाता तोड़ राजद में शामिल हो सकते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 07 Aug 2017 03:01 AM (IST) Updated:Mon, 07 Aug 2017 03:01 AM (IST)
'घड़ी' खोल अब 'लालटेन' जला सकते हैं डॉ. रामप्रकाश
'घड़ी' खोल अब 'लालटेन' जला सकते हैं डॉ. रामप्रकाश

कटिहार। पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रकाश महतो जल्द ही राकांपा से नाता तोड़ राजद में शामिल हो सकते हैं। रविवार को संघर्षशील संगठन की बैठक में उन्होंने इसका इशारा भी किया। पिछला विधानसभा चुनाव वे राकांपा से लड़े थे। राकांपा से पूर्व वे जदयू में थे, लेकिन उनका राजनीतिक सफर राजद से ही शुरु हुआ था। साथ ही राजद में रहते हुए उन्हें बड़ा सियासी मुकाम भी मिला था। इधर डॉ. महतो ने इस संदर्भ के सवाल के जवाब में कहा कि उचित समय आने पर वे कोई निर्णय लेंगे।

इधर संघर्षशील संगठन की बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महागठबंधन से नाता तोड़ राजग के साथ सरकार बनाने की घटना को देश के लिए काला अध्याय बताया। साथ ही मौजूद समर्थकों से 27 अगस्त को पटना में आयोजित राजद की भाजपा भगाओ देश बचाओ रैला को सफल बनाने की अपील की। डा. महतो ने कहा कि नीतीश कुमार ने जनता के जनादेश का अपमान किया है। सांप्रदायिक सद्भावना में आस्था रखने वाली पार्टी की गोद में बैठकर नीतीश कुमार ने सरकार का गठन किया है। उन्होंने सभी पार्टियों से सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर रैला को सफल बनाने की अपील की। डा. महतो ने अभी राजद में शामिल होने की घोषणा नहीं की है मगर रैला के बहाने ही उन्होंने राजद का समर्थन कर इशारा कर दिया है। वही राजद नेता श्यामलाल अग्रवाल ने राजद की रैली को सफल बनाने को लेकर वार्डों में अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को रैली में शामिल होने की अपील की। इस मौके पर निगम पार्षद मु. यासीन, राधा मोहन यादव, हाजी अब्दुल अजीज, विनय जायसवाल, इ. ओमप्रकाश गुप्ता, कार्तिक कुमार दास, संतोष यादव, कृष्णा साह, कयूम अंसारी आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी