रातभर डटे रहे डीएम-एसपी, चारों नामजद गिरफ्तार

कटिहार। आजमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक धार्मिक स्थल को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आं

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Mar 2020 08:29 PM (IST) Updated:Sat, 28 Mar 2020 08:29 PM (IST)
रातभर डटे रहे डीएम-एसपी, चारों नामजद गिरफ्तार
रातभर डटे रहे डीएम-एसपी, चारों नामजद गिरफ्तार

कटिहार। आजमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक धार्मिक स्थल को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आंशिक क्षति पहुंचाने को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न तनाव को लेकर प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। घटना की सूचना मिलते ही खुद डीएम कंवल तनुज व एसपी विकास कुमार शुक्रवार की रात मौके पर पहुंच गए और पूरी रात वहां डटे रहे। इतना ही नहीं करीब दस थानों की पुलिस के साथ काफी संख्या में रैपिड एक्शन फोर्स भी वहां तैनात कर दिया गया। पुलिस ने तत्परता पूर्ण कार्रवाई करते हुए इस मामले में नामजद किए गए चारों लोगों को महज आठ घंटे के अंदर ही दबोच लिया गया।

बता दें कि शुक्रवार की रात कुछ असामाजिक तत्वों की इस करतूत के चलते अचानक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसकी भनक लगते ही प्रशासन हरकत में आ गया और तत्काल ठोस कदम उठाए गए। प्रशासनिक तत्परता के साथ घटना के चंद घंटे के भीतर ही पूरी स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इसमें संबंधित पक्ष के बयान पर तत्काल प्राथमिकी भी दर्ज की गई और उसी दौरान चार में से तीन नामजद को दबोच लिया गया। कुछ ही देर बाद पुलिस ने चौथे नामजद को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही संबंधित गांव के परिक्षेत्र में धारा 144 भी लागू कर दी गई है। साथ ही पूरे परिक्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। कुल नौ प्वाइंट बनाकर पुलिस बल व रैपिड एक्शन फोर्स के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। साथ ही पुलिस इस मामले की अपने स्तर से पूरी जांच भी कर रही है। अनुमंडल पदाधिकारी पवन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार, आजमनगर बीडीओ सुनील मिश्र, पुलिस निरीक्षक विश्वजीत कुमार सिंह, सीओ, थानाध्यक्ष मनीष कुमार के साथ अनुमंडल के सभी थानों के साथ-साथ मनिहारी आदि के थानाध्यक्ष भी मौके पर डटे हुए हैं।

जनप्रतिनिधि भी प्रशासन के साथ

इस घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी प्रशासन का पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। मर्बतपुर मुखिया मु. मुज्जमिल, चौलहर मुखिया मनोवर आलम, मुखिया अलेरसूल, पूर्व जिप अध्यक्ष जाकिर हुसैन, मुखिया शाहिद आलम, पूर्व जिप सदस्य रामजी केशरी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर प्रशासन को पूर्ण सहयोग दे रहे हैं। अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

बता दें कि घटना को लेकर कटिहार के साथ किशनगंज, अररिया व पूर्णिया से भी काफी संख्या में पुलिस बलों को बुलाया गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रित भी है। प्रशासनिक स्तर से किसी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी की गई है।

chat bot
आपका साथी