राशि में गड़बड़ी को लेकर विद्यालयों में तालाबंदी

कटिहार। बलरामपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय लछौर एवं प्राथमिक विद्यालय बलदियागाछी में प्

By Edited By: Publish:Sun, 02 Aug 2015 02:13 AM (IST) Updated:Sun, 02 Aug 2015 02:13 AM (IST)
राशि में गड़बड़ी को लेकर विद्यालयों में तालाबंदी

कटिहार। बलरामपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय लछौर एवं प्राथमिक विद्यालय बलदियागाछी में प्रोत्साहन राशि के वितरण में गड़बड़ी व विद्यालय संचालन में अनियमितता के विरोध में ग्रामीणों ने विद्यालय में ताला जड़ दिया। मामले की जांच करने पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधीर रंजन सहाय ने दोनों विद्यालयों में बरती जा रही घोर अनियमितता होने की बात भी स्वीकार की। जांच के क्रम में पता चला कि विद्यालय में वर्ग एक से आठ तक कुल नामांकन 398 है। जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने राशि गबन करने की नीयत से विभाग को 489 बच्चों का डिमांड भेजा। इससे प्रधानाध्यापक की मंशा साफ उजागर हो गयी। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए विद्यालय के वरीय शिक्षक राजेंद्र बोसाक द्वारा राशि वितरण का कार्य सुनिश्चित किया गया। उक्त विद्यालय में विगत कई वर्षो से भवन निर्माण का कार्य भी अधूरा है। पढ़ाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है तथा बच्चों की उपस्थिति पंजी का संधारण भी नहीं किया जाता है। वहीं प्राथमिक विद्यालय बलदियागाछी में भी स्थिति बद से बदतर दिखी। विद्यालय की प्रधान शिक्षिका पुष्पा द्वारा विद्यालय से सभी अभिलेखों की चोरी हो जाने की बात कही गयी। विद्यालय में कुल 188 बच्चों में से 15 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। साथ ही मध्याह्न भोजन हमेशा बंद रहने की शिकायत ग्रामीणों ने बीईओ से की। प्रधान शिक्षिका द्वारा चावल, बर्तन आदि के भी चोरी हो जाने की बात कही गयी। बीईओ श्री सहाय ने बताया कि दोनों ही विद्यालयों की जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेज कार्रवाई की अनुशंसा की गयी है। जांच के क्रम में स्थानीय जिप प्रतिनिधि मेहर इकबाल, मुखिया पति मो. नोहिद अख्तर, अमरीश कुमार, देव कुमार मोदक, पूर्व मुखिया चुनका किस्कू, पंसस नाथकी किस्कू सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी