Kaimoor News: नरहन-जमुरना पंचायत के इस वॉर्ड में कई माह से जलापूर्ति योजना ठप, विभाग के कान पर नहीं रेंग रही जूं

नरहन जमुरना पंचायत के जमुरना गांव के वॉर्ड आठ में जलापूर्ति योजना ठप पड़ी हुई है और यहां एक दो सप्ताह से नहीं बल्कि आठ माह से पानी की समस्या बनी हुई है। इस कारण डेढ़ सौ से अधिक घरों में नल-जल से मिलने वाली पानी की आपूर्ति बाधित है। गर्मी के इस मौसम में इस समस्या के बाद भी विभाग उदासीन बना हुआ है।

By Ravindra Nath Bajpai Edited By: Shoyeb Ahmed Publish:Mon, 22 Apr 2024 06:47 PM (IST) Updated:Mon, 22 Apr 2024 06:47 PM (IST)
Kaimoor News: नरहन-जमुरना पंचायत के इस वॉर्ड में कई माह से जलापूर्ति योजना ठप, विभाग के कान पर नहीं रेंग रही जूं
नरहन-जमुरना पंचायत के इस वॉर्ड कई माह से जलापूर्ति योजना ठप (फाइल फोटो)

संवाद सूत्र जागरण, रामगढ़। नरहन जमुरना पंचायत के जमुरना गांव के वॉर्ड आठ में जलापूर्ति योजना ठप पड़ी है। इससे डेढ़ सौ से अधिक घरों में नल-जल से पानी की आपूर्ति बाधित है। यह स्थिति एक दो सप्ताह से नहीं बल्कि आठ माह से बनी हुई है।

गर्मी के इस मौसम में सबको पानी की दरकार है। फिर भी विभाग उदासीन बना हुआ है। जलापूर्ति की व्यवस्था ठप होने से लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके चलते मल्लाह बस्ती में पानी की आपूर्ति नहीं होने से कई घरों के लोग दूषित पानी- पीने को मजबूर है।

ग्रामीण लगा चुके हैं खूब गुहार

मुखिया से लेकर पंचायत सचिव के यहां भी ग्रामीण गुहार लगाकर थक गए। फिर भी इस दिशा में अब तक किसी ने पहल नहीं की। तीखी धूप व लू के बढ़ते प्रकोप से हर किसी को पानी की आवश्यकता है।

लेकिन पानी घर-घर पहुंचाने में विभाग का पसीना छूट रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है, मुखिया तत्पर होकर नल-जल योजना को चालू रखते थे। यही पंचायत है जहां कुछ वर्ष पूर्व में सभी स्थानों पर नल-जल से जलापूर्ति नियमित होती थी।

सर्वश्रेष्ठ पंचायत का खिताब तत्कालीन मिला था मुखिया को

जिले की इस पंचायत को स्वच्छता व विकास में सर्वश्रेष्ठ पंचायत का खिताब तत्कालीन मुखिया को मिला था। जहां घर-घर नल-जल के साथ लोगों को दो रुपए में आर ओ का पानी दिया जाता था।

अब कभी मोटर तो कभी स्टार्टर जलने के कारण जलापूर्ति बंद हो जाती है। ग्रामीणों की मानें तो आठ माह से तकनीकी खराबी व मोटर जलने से पानी सप्लाई आपूर्ति ठप है।

ढाई सालों से हो रही लोगों को परेशानी

पीएचडी विभाग को हैंड ओवर होने के बाद भी समस्या दूर नहीं हो पा रही है। जलापूर्ति सिस्टम में खराबी होने से बस्ती के सभी घरों में जलापूर्ति बाधित हो गई है। साथ ही आंगन बाड़ी केंद्र पर भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

ग्रामीण त्रिवेणी मल्लाह, अर्जुन मल्लाह ने बताया बस्ती में जलापूर्ति योजना सात निश्चय योजना के तहत लगाई गई। पांच वर्ष तक बिना किसी परेशानी के आपूर्ति हुई। लेकिन ढाई वर्षों से यह योजना कारगर नहीं हो पा रही है । जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

क्या कहते हैं ग्रामीण

रामाशीष मल्लाह ने कहा कि आठ माह से जलापूर्ति योजना से पानी की सप्लाई बाधित है।कई बार मुखिया व सचिव को भी इसकी जानकारी दी गई, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। पीएचईडी विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई है। लेकिन अभी तक इसे दुरुस्त नहीं किया गया।

ग्रामीण सोनू चौधरी ने बताया सात निश्चय योजना के तहत लगाई गई जलापूर्ति योजना की रखवाली ठीक से नहीं होने से ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा आपूर्ति बंद होने से इधर-उधर से पानी लेना पड़ता है।

क्या कहते हैं जेई

पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता गौतम कुमार ने बताया नरहन जमुरना के वॉर्ड नंबर आठ की मोटर खराब है। मरम्मत के लिए भेजा गया है।शीघ्र ही यहां जलापूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी।

ये भी पढ़ें-

लू का किडनी-दिमाग व दिल पर पड़ता है असर, अचानक बढ़ जाए शरीर का तापमान तो तुरंत लगाए यह लेप; झटपट मिलेगा आराम

Supaul News : वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ी 48 बोतल शराब, दो तस्कर भाग निकले

chat bot
आपका साथी