दिल्ली में हुई घटना के बाद कोर्ट की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
भभुआ दिल्ली के रोहिणी न्यायालय में घटी घटना को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट नजर आ रहा है। वरीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन के अनुसार जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला व एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर एएसपी अभियान नीतीन कुमार के नेतृत्व में शनिवार को जिला व्यवहार न्यायालय पहुंची टीम ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।
भभुआ: दिल्ली के रोहिणी न्यायालय में घटी घटना को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट नजर आ रहा है। वरीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन के अनुसार जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला व एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर एएसपी अभियान नीतीन कुमार के नेतृत्व में शनिवार को जिला व्यवहार न्यायालय पहुंची टीम ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। टीम ने न्यायालय परिसर, मुख्य व सब गेट के साथ -साथ न्यायालय परिसर में बने हाजत की भी सुरक्षा की पड़ताल की। साथ ही तैनात पुलिस पदाधिकारियों से व्यवस्था के संबंध में पूछताछ की। टीम में शामिल सार्जेंट मेजर श्याम बिहारी राय ने बताया कि न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था में इंचार्ज सहित चार पुलिस पदाधिकारी व 26 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। इसमें 11 महिला पुलिस कर्मी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि न्यायालय के मुख्य द्वार व जिला जज कार्यालय को जाने वाले रास्ते में दो डोर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं जहां पुलिस कर्मी तैनात हैं। वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा कर्मियों को चार हैंड मेटल डिटेक्टर भी दिए गए हैं जिससे वे न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति की जांच करते है। समय-समय पर वरीय पदाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का पर्यवेक्षण करते रहते है। उनके निर्देश पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाती है। रात में सुरक्षा व्यवस्था के लिए बीएमपी व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा जांच टीम में एसीजेएम छह सह प्रभारी सीजेएम रश्मि प्रसाद, एसीजेएम दो रोहित श्रीवास्तव व जेएम विकास कुमार सिंह, एडीएम डा.संजय कुमार, एसडीपीओ सुनीता कुमारी व थानाध्यक्ष भभुआ रामानंद मंडल शामिल थे।