अलीगंज के 13 पंचायतों में मतदान आज, तैयारी पूरी
जमुई। बुधवार की सुबह सात बजे से अलीगंज प्रखंड में मतदान को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसको लेकर उत्क्रमित हाई स्कूल मिर्जागंज परिसर में संयुक्त ब्रीफिग के दौरान दंडाधिकारियों पुलिस पदाधिकारियों व मतदान कर्मियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव का मंत्र किया गया।
![अलीगंज के 13 पंचायतों में मतदान आज, तैयारी पूरी](https://www.jagranimages.com/images/newimg/28092021/28_09_2021-28jmi_17_28092021_486-c-3_22063664_183057_m.webp)
जमुई। बुधवार की सुबह सात बजे से अलीगंज प्रखंड में मतदान को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसको लेकर उत्क्रमित हाई स्कूल मिर्जागंज परिसर में संयुक्त ब्रीफिग के दौरान दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व मतदान कर्मियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव का मंत्र किया गया।
जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने अधिकारियों व मतदान कर्मियों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव का पाठ पढ़ाया। साथ ही इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात कही है। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल ने भी अधिकारियों व कर्मियों को निर्भीकता के साथ मतदान कराने का संदेश देते हुए कहा कि तमाम मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। इसके पहले मंगलवार को एसपी अभियान सुधांशु कुमार के नेतृत्व में एरिया डोमिनेशन का भी कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर असहज स्थिति पैदा करने वाले असामाजिक और उपद्रवी तत्वों के साथ सख्ती से निपटने की सख्त हिदायत दी गई है।
--------
99094 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
अलीगंज प्रखंड के 13 पंचायतों में कुल 99094 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर 1093 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद करेंगे। प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार के मुताबिक अलीगंज प्रखंड से मुखिया पद के लिए 77, पंचायत समिति सदस्य के 99, सरपंच के 71, वार्ड सदस्य के 653 तथा पंच के 193 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा जिला परिषद पूर्वी भाग संख्या आठ से नौ तथा पश्चिमी जिला परिषद भाग संख्या नौ से 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रखंड अंतर्गत कुल 51,788 पुरुष तथा 47,304 महिला मतदाता के अलावा दो ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं।
------
बाक्स
महिला मतदाताओं के समक्ष उपवास के साथ मतदान की दोहरी चुनौती
जमुई : इस्लामनगर अलीगंज प्रखंड में मतदान की तारीख और पुत्र के दीर्घायु होने की कामना के लिए जिउतिया व्रत की तिथि एक है। लिहाजा न्याय के साथ विकास की बुनियाद रखने के लिए लोकतंत्र का महापर्व और जिउतिया एक साथ मनाया जाएगा। बुधवार को अधिकांश माताएं निर्जला उपवास पर रहेंगी। मौसम ने अगर साथ नहीं दिया तो गर्मी में उपवास के साथ मतदान उनके लिए दोहरी चुनौती होगी।
-------
तीन सुपर के साथ 13 जोनल दल की होगी मतदान केंद्रों पर नजर जमुई :
निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए 13 पंचायतों को तीन सुपर जोन तथा 13 जोन में बांटा गया है। इसके लिए तीन सुपर जोनल दल तथा 13 जोनल दल का गठन कर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा 17 सेक्टर तथा 13 कलस्टर सेंटर बनाए गए हैं।
-------
इनसेट
सुपर जोनल दल के हवाले पंचायत
मिर्जागंज, दरखा, पुरसंडा, अलीगंज तथा इस्लामनगर पंचायत के लिए डीडीसी आरिफ अहसन को दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। उनके साथ झाझा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि शंकर प्रसाद होंगे। इसी प्रकार जिला परिवहन पदाधिकारी कुमार अनुज को कोदवरिया, अवगिला चौरासा, आढ़ा तथा कैथा का दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। इनके साथ पुलिस पदाधिकारी के रूप में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक सिंह की प्रतिनियुक्ति की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी को कोलहाना, दीननगर, सहोड़ा और कैयार पंचायत में ड्यूटी दी गई है। उनके साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार होंगे।
-------
बाक्स
स्थापित किया गया नियंत्रण कक्ष
चुनाव में गड़बड़ी तथा अन्य शिकायतों के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके अलावा अन्य अधिकारियों का भी मोबाइल नंबर जारी किया गया है।
जिला नियंत्रण कक्ष- 06345 222012 अतिरिक्त हंटिग लाइन- 06345 222132, 06345 222133, 06345 222134, 06345 222135 एवं 06345 222136
अनुमंडल पदाधिकारी- 9473191406 निर्वाचन पदाधिकारी अलीगंज- 9431818588 अंचल अधिकारी अलीगंज 8544412566