डीएम-एसपी के नेतृत्व में चला वाहन चेकिंग अभियान

By Edited By: Publish:Fri, 19 Sep 2014 07:05 PM (IST) Updated:Fri, 19 Sep 2014 07:05 PM (IST)
डीएम-एसपी के नेतृत्व में चला वाहन चेकिंग अभियान

संवाद सहयोगी, जमुई : मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के कड़े निर्देश का असर शुक्रवार को जमुई में दिखा। जिलाधिकारी शशिकांत तिवारी के नेतृत्व में जमुई-झाझा मुख्यमार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। वाहन चेकिंग के दौरान एसपी उपेन्द्र प्रसाद सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान हर छोटे-बड़े वाहनों के कागजात की जांच परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया। इस विशेष वाहन चेकिंग अभियान में बड़ी संख्या में मोटर साइकिल की भी जांच की गई। साथ ही हेलमेट नहीं होने पर चालक से जुर्माना वसूला गया। चेकिंग के दौरान मालवाहक वाहनों की लम्बी कतार लग गई। दोपहर तक चले वाहन चेकिंग अभियान में ओवर लोडेड ट्रक के अलावा यात्री वाहन सहित कुल 31 वाहनों से फाइन वसूला गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि 31 वाहनों से एक लाख से अधिक जुर्माना वसूली गई है। वहीं जुर्माना नहीं देने पर सात वाहनों को जब्त कर मलयपुर थाने को सुपुर्द कर दिया गया। इस विशेष चेकिंग अभियान से कुछ देर के लिए जमुई-चकाई मुख्यमार्ग, जमुई-मलयपुर तथा जमुई-खड़गपुर मुख्यमार्ग (भाया वायपास) पर वाहनों का परिचालन ठहर सा गया। ओवर लोडेड भारी वाहन सड़कों के किनारे खड़े कर दिए गए थे। बाद में जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी मार्गो में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर ओवर लोड वाहनों के परिचालन को रोका जाएगा। साथ ही दोषी वाहनों से जुर्माना वसूला जाएगा।

chat bot
आपका साथी