बांका में मतदान, सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिसिया कार्रवाई तेज

By Edited By: Publish:Wed, 23 Apr 2014 07:21 PM (IST) Updated:Wed, 23 Apr 2014 07:21 PM (IST)
बांका में मतदान, सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिसिया कार्रवाई तेज

संवाद सहयोगी, जमुई : गुरुवार को बांका लोक सभा क्षेत्र में मतदान को लेकर जमुई के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है। झाझा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सियाराम गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को सीआरपीएफ व जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से बोड़वा के जंगली इलाकों में नक्सलियों व अपराधियों के विरूद्ध सर्च अभियान चलाया। श्री गुप्ता ने बताया कि बांका में होने वाले मतदान को लेकर हमलोग सर्तक हैं। जिले की सीमा को सिल किया गया है। आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। सिमुलतला-कटोरिया मार्ग पर चेकपोस्ट बनाया गया है। नक्सलियों के प्रभाव वाले इस क्षेत्र से बांका जिले की सीमा सटती है। मतदान के दौरान शांति व्यवस्था कायम रहे इसके लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अभियान चला रही है। जिले के लक्ष्मीपुर, सिमुलतला एवं झाझा थाना क्षेत्र बांका के बॉर्डर से सटा है। सिमुलतला, बोड़वा, बगधसवा, धमाना, सरदारा आदि क्षेत्रों में नक्सलियों का जमावड़ा रहता है। कई बार बांका में घटना को अंजाम देकर नक्सली इसी क्षेत्र में शरण लिए हैं या फिर इस क्षेत्र में घटना को अंजाम देकर बांका के चानन, कटोरिया में शिफ्ट हो जाते हैं। ऐसे में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए इस क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति जरूरी है। वैसे भी बांका के चुनाव का सीधा संबंध जमुई से है। दो प्रमुख उम्मीदवार भाजपा की पुतुल देवी एवं राजद के जयप्रकाश नारायण यादव जमुई के हैं। बांका लोक सभा क्षेत्र के कटोरिया, बांका विधान सभा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आता है। गुरुवार को चुनाव भले ही बांका में है पर कई दिनों से सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की गतिविधि तेज है।

chat bot
आपका साथी