गला घोंट दहेज के लिए कर दी विवाहिता की हत्या

जहानाबाद-अरवल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 110 पर अवस्थित नगर थाना क्षेत्र के बभना गांव।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jun 2017 07:23 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jun 2017 07:23 PM (IST)
गला घोंट दहेज के लिए कर दी विवाहिता की हत्या
गला घोंट दहेज के लिए कर दी विवाहिता की हत्या

जहानाबाद। जहानाबाद-अरवल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 110 पर अवस्थित नगर थाना क्षेत्र के बभना गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की गला घोटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं शव को काफी दूर ले जाकर फेंक दिए जाने के उद्देश्य से दो दिनों तक उसे कोठी में रख दिया गया। आरोपितों के द्वारा ट्रंक लाकर शव को हर से हटाने का प्रयास किया जा रहा था। गांव वालों को अंदेशा हुआ और उनलोगों ने शीघ्र ही इसकी सूचना नगर थाने की पुलिस को दे दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और सबसे पहले उसके पति सुरज कुमार, देवर चंदन कुमार तथा आटो चालक व महमदपुर निवासी विक्रम दास को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। उनलोगों के बयान के आधार पर कोठी से शव बरामद किया गया। इस सिलसिले में मृतका के पिता तथा पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के भइसमारा मठ निवासी भौसागर प्रसाद के बयान के आधार पर हिरासत में लिए गए तीन लोगों के अलावा ग्रामीण जितेंद्र कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अब पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। इस मामले के अनुसंधानकर्ता मुकेश कुमार ने बताया कि मृतका कांति देवी की शादी पांच साल पहले सुरज के साथ हुई थी। मैके वालों के अनुसार दोनों के बीच संबंध ठीक नहीं रह रहा था। साढ़े तीन वर्ष पूर्व एक बच्चे को जन्म दिया। पुलिस का कहना है कि ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया गया है। इधर ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तीन दिन पहले पति पत्नी के बीच झंझट हुआ था। उनलोगों का कहना है कि पति शराब का भी सेवन करता था। उसने देवर के सहयोग से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को दूर ले जाकर फेंकने के उद्देश्य से पड़ोस के जितेंद्र कुमार से एक बड़ा बक्सा मंगवाया गया। शव को ठिकाने लगाने के लिए महमदपुर निवासी विक्रम दास का ऑटो भी मंगवाया गया। गांव वालों को चदरे की बड़ा बक्सा देखकर संदेह हुआ। उनलोगों को यह लगा कि जब इसके घर में शादी विवाह भी नहीं होने वाला है तो फिर वह इतना बड़ा बक्सा क्यों लाया है। उनलोगों को यह बात याद आई कि दो तीन पहले उसके घर में पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। उनलोगों ने सबसे पहले ऑटो चालक को दबोचा और उससे पूछताछ की। इसी बीच नगर थाने की पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। हालांकि जब गांव वालों द्वारा ऑटो चालक को दबोचा गया तो उसका पति, देवर तथा जितेंद्र भागने की कोशिश करने लगा।

chat bot
आपका साथी