Bihar Crime: अवैध संबंध के कारण की गई रिटायर्ड दारोगा की पत्नी व दो बच्चों की हत्या, प्राथमिकी दर्ज
Bihar Crime नवादा के रजौली में पत्नी व दो बच्चों की हत्या मामले में रिटायर्ड दारोगा ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें अवैध संबंध की वजह से वारदात काे अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।
जेएनएन, नवादा। तिहरे हत्याकांड (Tripple Murder) की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मृतका के पति रिटायर्ड दारोगा (Sub Inspector) शिवनारायण ने प्राथमिकी कराई है। इसमें रजौली पुरानी बस स्टैंड कुरला मोहल्ला के पप्पू कुमार और चंदन कुमार को नामजद किया है। इसके साथ ही 4-5 अज्ञात को भी आरोपित किया है। अवैध संबंध में वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच चल रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सोमवार सुबह तिहरे हत्याकांड का मामला सामने आने पर सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए पटना की फोरेंसिक टीम रजौली पहुंच गई। श्वान दस्ता को भी बुला लिया गया है। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इससे अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
साड़ी का फंदा लगाकर की गई थी मां व दो बेटे की हत्या
सोमवार सुबह थाना क्षेत्र के प्राणचक विनोबा नगर टोला स्थित रिटायर्ड दारोगा शिवनारायण के घर से उनकी पत्नी लाछो देवी, पुत्र दस वर्षीय राजीव कुमार और आठ वर्षीय राजकुमार का शव बरामद किया गया था। तीनों का शव पलंग पर पड़ा हुआ था। गले में साड़ी का फंदा कसकर तीनों की हत्या की गई थी। प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या माना जा रहा था। कुछ लोग इसे लूट के दौरान हत्या तो कुछ संपत्ति विवाद वजह मान रहे हैं। अब प्राथमिकी दर्ज होने के बाद इसमें नया एंगल जुड़ गया है। यह एंगल है अवैध संबंध का। बहरहाल पुलिस के लिए तिहरा हत्याकांड अब तक अबूझ पहेली बनी हुई है। कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
अब देखना है कि पुलिस की तफ्तीश में हत्या की वजह क्या सामने आ पाती है। वैसे कुछ लोगों का कहना है कि लाछो देवी शिवनारायण की दूसरी पत्नी थी। रिटायरमेंट के बाद शिवनारायण को अच्छी राशि मिली होगी, हो सकता है कि वारदात का कारण वह भी हो।