अब इन्‍हें मुख्‍य पार्षद कहिए जनाब, रोहतास जिले की इन चार पंचायतों में नहीं चुने जाएंगे मुखिया जी

रोहतास जिले की चार पंचायतों को नगर पंचायत बना दिया गया है। अब यहां नगरपालिका अधिनियम लागू होंगी। इनमें चेनारी रोहतास काराकाट व दिनारा पंचायत शामिल हैं। इन पंचायतों में अब मुख्‍य पार्षद का पद होगा। मुखिया का पद यहां के लिए इतिहास बन गया है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 09 Mar 2021 10:11 AM (IST) Updated:Tue, 09 Mar 2021 10:11 AM (IST)
अब इन्‍हें मुख्‍य पार्षद कहिए जनाब, रोहतास जिले की इन चार पंचायतों में नहीं चुने जाएंगे मुखिया जी
अकबरपुर का पंचायत भवन, अब नहीं रही पंचायत। जागरण
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। अब मुझे मुखिया नहीं मुख्य पार्षद कहिए श्रीमान। आपको पता नहीं अब यह गांव नहीं बल्कि शहर बन गया है। सरकार ने जिले की चेनारी, रोहतास, काराकाट व दिनारा पंचायत को नगर पंचायत घोषित कर दिया है। इसके क्षेत्र का विस्तार कर तत्काल प्रभाव से इन ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी क्षेत्र में शामिल कर यहां बिहार नगरपालिका अधिनियम (Bihar Municipal Act) के तहत समस्त विधि व्यस्था व कानून लागू करने का निर्देश जारी कर दिया है। इतना ही नहीं नगर परिषद सासाराम को नगर निगम तथा नगर पंचायत नोखा को नगर परिषद का दर्जा देकर इसका क्षेत्र विस्तार भी कर दिया गया है। नव गठित नगर पंचायतों में कार्यपालक पदाधिकारी की तैनाती की जा रही है।  
चेनारी में हाटा व बनौली पंचायत के हिस्‍से भी शामिल
डीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि  चेनारी पंचायत को नगर पंचायत चेनारी अधिसूचित कर दिया गया है। इसमें चेनारी पंचायत के सभी गांवों तथा हाटा व बनौली पंचायत के आंशिक भाग को शामिल किया गया है। इसमें चेनारी के अलावा भरंदुआ, हाटा, बनौली व लांजी गांव शामिल हो गए हैं। यहां नगर पालिका कानून प्रभावी हो गया है। अकबरपुर पंचायत का नामोनिशान मिट गया है। इसे अब रोहतास नगर पंचायत क्षेत्र बनाकर इसमें अकबरपुर व उचैला पंचायत के सभी गांवों को शामिल किया गया है।
काराकाट और दिनारा का भी बदल गया स्‍वरूप  
इसी तरह काराकाट नगर पंचायत में गोडारी पंचायत के अलावा करूप आंशिक भाग को शामिल किया गया है। अब काराकाट नगर पंचायत में गोडारी, नाद, बाद, तेनुआ, चिल्हा, करूप व जमुआ गांव शामिल है। वहीं दिनारा नगर पंचायत में दिनारा व कुंड गांव को शामिल किया गया है। नगर पंचायत से नगर परिषद बने नोखा में घुसिया पंचायत को शामिल कर इसका क्षेत्र विस्तार कर दिया गया है। सासाराम नगर परिषद से नगर निगम बना सासाराम में सासाराम प्रखंड के मुरादाबाद, भादोखरा, उचितपुर, महाद्दीगंज, अमरी, सिकरिया, धनकाढा, बेलाड़ी, करवंदिया व शिवसागर प्रखंड के कुम्हऊ पंचायत के सभी गांवों को शामिल कर इसे शहरी क्षेत्र अधिसूचित कर दिया गया है।
chat bot
आपका साथी