चलते वाहन में युवती से दुष्कर्म का प्रयास

By Edited By: Publish:Thu, 24 Apr 2014 11:14 PM (IST) Updated:Thu, 24 Apr 2014 11:14 PM (IST)
चलते वाहन में युवती से दुष्कर्म का प्रयास

जागरण संवाददाता, गया

गया शहर के अति व्यस्त इलाके में चलते वाहन में एक युवती की अस्मत लूटने का प्रयास अपराधियों ने गुरुवार की देर शाम किया। पीड़ित लड़की बचाव के लिए वाहन में हाथ पैर मार रही थी। भीड़ ने लड़की की हालात देख वाहन को घेर लिया। उग्र भीड़ ने वाहन चालक सहित चार युवकों को अपने कब्जे में लेकर पिटाई की। वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ ने लड़की को अपराधियों के कब्जे से मुक्त कराकर पुलिस के हवाले कर दिया। सिविल लाइन थाना में टाउन डीएसपी आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने पीड़ित लड़की व मौके से पकड़े गए आरोपी से घंटों पूछताछ की। लड़की के फर्द बयान पर दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की प्रक्रिया हो रही थी।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रमना मुहल्ले में गुरुवार की देर शाम महिन्द्रा जाइलो रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर-2वी-5515 के अंदर एक युवती चिल्ला रही थी। लड़की दुष्कर्म के प्रयास को विफल करने के लिए हाथ पैर मार रही थी। यह देख सड़क पर रही भीड़ ने हल्ला किया। आसपास के लोगों ने वाहन को लक्ष्य कर पथराव किया। भीड़ ने चालक सहित वाहन पर सवार तीन युवकों को अपने कब्जे में लेकर पिटाई की। अपराधियों के कब्जे से मुक्त होने के बाद पीड़िता ने कहा कि उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास चलती गाड़ी में किया जा रहा था। भीड़ लड़की की बात सुनकर और उग्र हो गई। वाहन को लाठी-डंडे व पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया। इस बीच भीड़ के कब्जे से तीन आरोपी निकल भागने में सफल हो गए।

टाउन डीएसपी श्री सिंह के अनुसार पीड़ित लड़की सिविल लाइन थाना अंतर्गत करीमगंज मुहल्ले के मुन्ना मिस्त्री उर्फ बाबू मिस्त्री की पुत्री बेबी (काल्पनिक नाम) है। बेबी ने पूछताछ के क्रम में बताया कि करीमगंज मुहल्ले का वसीम उर्फ नसीम उसका दोस्त है। नसीम का मित्र सन्नी है। जो घटना के समय वाहन चला रहा था। मानपुर के लक्खीबाग मुहल्ले के रामजी सिंह का पुत्र सन्नी ने पुलिस को बताया कि वाहन पर भुसंडा का पिल्लू और बिटू था। पिल्लू ने बेबी के साथ छेड़खानी व दुष्कर्म करने का असफल प्रयास किया था। टाउन डीएसपी श्री सिंह ने बताया कि वाहन सिविल लाइन थाना के कोयरीबारी मुहल्ले के अजय कुमार का है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी पीड़ित लड़की के बयान पर दर्ज की जा रही है। वहीं घटनास्थल से पकड़े गए सन्नी को गिरफ्तार कर पुलिस फरार पिल्लू और बिटू को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

chat bot
आपका साथी