प्रवासी मजदूरों का कोविड पोर्टल पर कराएं इंट्री : डीएम

बक्सर जिलाधिकारी अमन समीर ने वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए बुधवार को जिला के सभी प्रभारी चि

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 May 2020 09:08 PM (IST) Updated:Wed, 27 May 2020 09:08 PM (IST)
प्रवासी मजदूरों का कोविड पोर्टल पर कराएं इंट्री : डीएम
प्रवासी मजदूरों का कोविड पोर्टल पर कराएं इंट्री : डीएम

बक्सर : जिलाधिकारी अमन समीर ने वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए बुधवार को जिला के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना वायरस के संक्रमण से उत्पन्न स्थिति से निपटने हेतु किए जा रहे प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय कार्यों की समीक्षा की। समीक्षोपरान्त जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रखण्ड स्तरीय क्वारंटाइन केन्द्रों पर संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों के आने वाले प्रवासी मजदूरों को रखा जाना है।

तत्पश्चात, 14 दिनों के बाद मेडिकल स्क्रीनिग के उपरांत उन्हें होम क्वारंटाइन हेतु चिकित्सा पदाधिकारी के द्वारा प्रमाणित पत्र के साथ छोड़ा जाना है। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को निर्देशित किया गया। सभी प्रवासी मजदूरों के रजिस्ट्रेशन के उपरांत कोविड र्पोटल पर इंट्री करना अनिवार्य बताया गया। डीएम ने बताया कि इसी इंट्री के आधार पर आत्मनिर्भर खाद्यान्न योजना के तहत खाद्यान्न भविष्य में दिया जाएगा। उन्होंने ट्रेन का टिकट का मूल्य एवं 500 रूपया अतिरिक्त देने हेतु आपदा संपूर्ति पोर्टल पर भी पासबुक की इंट्री किए जाने को अनिवार्य बताया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्तार, सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय प्रशाखा, जिला आपदा शाखा प्रभारी एवं जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रवासियों का वोटर कार्ड बनाने का सुनाया फरमान

सभी बूथ लेवल ऑफिसर को आने वाले प्रवासी मजदूरों का वोटर आईडी कार्ड बनवाने के लिए निर्देशित करने को कहा गया। वहीं, आने वाले प्रवासी कामगारों का स्किल मैपिग गंभीरता से करने का सख्त निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि आने वाले समय में सरकार के द्वारा विभिन्न योजनाओं के लिए अगल-अलग तरह के विशिष्ट कार्य हेतु दक्ष लोगों की आवश्यकता होगी। तब स्किल मैपिग के जरिए पहचान किए गए कामगारों को रोजगार दिलवाने में आसानी होगी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए पीएचसी में बेड तैयार रखने के निर्देश

बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में विशेष व्यवस्था के तहत बेड तैयार रखने को कहा गया। आवश्यकता अनुसार वार्ड में एसी लगवाने का भी निर्देश दिया गया। वहीं, उपस्थित सिविल सर्जन को लू से बचने हेतु क्या करें और क्या न करें का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने का निदेश दिया गया। सभी उपस्थिति पदाधिकारियों को क्वारंटाइन केन्द्रों में पूरी साफ-सफाई रखने का सख्त निर्देश दिया गया। पीएचसी में सांप, बिच्छू का वैक्सीन रखें उपलब्ध

सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में सांप, बिच्छू एवं कुत्ता के काटने के उपरान्त उपचार हेतु दिए जाने वाले वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित रखने को कहा गया। डीपीआरओ ने बताया कि वैसे प्रवासी मजदूर जिनको मेडिकल स्क्रीनिग के पश्चात सीधे होम क्वारंटाइन किया जाता है, उनके मेडिकल स्क्रीनिग हेतु पल्स पोलियो अभियान के तर्ज पर विशेष जांच अभियान चलाने का निदेश दिया गया।

chat bot
आपका साथी