मुठभेड़ के दौरान वांछित कुख्यात दानी लगी गोली

भोजपुर जिला के बिहिया नगर स्थित महावीर स्थान- बड़ी मस्जिद मुहल्ला इलाके में शनिवार की सुबह गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस और वांछित कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 21 Mar 2020 08:30 PM (IST) Updated:Sun, 22 Mar 2020 06:10 AM (IST)
मुठभेड़ के दौरान वांछित कुख्यात दानी लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान वांछित कुख्यात दानी लगी गोली

आरा। भोजपुर जिला के बिहिया नगर स्थित महावीर स्थान- बड़ी मस्जिद मुहल्ला इलाके में शनिवार की सुबह गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस और वांछित कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें कुख्यात दानी यादव गोली लगने से घायल हो गया। जांघ में गोली लगने से घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। घायल 35 वर्षीय दानी यादव बिहिया महावीर स्थान का मुहल्ला का निवासी है। पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है। इधर, भोजपुर एसपी सुशील कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुआ है। उसके पास से एक अवैध पिस्तौल व तीन गोली बरामद किया गया है। वह करीब 23 कांडों में दागी रहा है। रंगदारी, छेड़खानी व लूटकांड से जुड़े तीन कांडों में फरार चला आ रहा था। वाकया सुबह करीब दस बजे की है। इसे लेकर काफी देर खलबली मची रही।

----

घर में छिपे होने की सूचना पर छापेमारी करने गई थी पुलिस

एसपी ने बताया कि बिहिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांटेड दानी यादव बिहिया महावीर स्थान रोड- बड़ी मस्जिद (अस्पताल रोड) स्थित अपने घर में छिपा हुआ है। जिसके बाद दारोगा शशिकांत के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई । पुलिस की मानें तो घर में छिपे वांछित अपराधी ने पुलिसकर्मियों के ऊपर फायरिग कर दी। इस दौरान टीम में शामिल अफसरों की जवाबी फायरिग में जांघ के पास गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। बाद में इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। बाद में सूचना मिलने पर एसपी सुशील कुमार भी सदर अस्पताल पहुंच गए। ----

17 महीना पहले भी रंगदारी के मामले में हथियार समेत पकड़ा गया था कुख्यात दानी

-तीन महीना पहले जेल से जमानत पर छूटकर आया था हिस्ट्रीशीटर

बिहिया नगर के महावीर स्थान- बड़ी मस्जिद मुहल्ला इलाके में शनिवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया कुख्यात दानी यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। करीब 17 महीना पहले भी वह रंगदारी के मामले में अवैध हथियार समेत पकड़ा गया था। करीब तीन महीना पहले वह जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। इस दौरान पुन: रंगदारी और लूटपाट से जुड़े कांडों में संलिप्तता की बात सामने आने पर पुलिस उसके पीछे लगी थी। इस दौरान शनिवार को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। मालूम हो कि 25 अगस्त 2018 को बिहिया राजा बाजार निवासी गल्ला का व्यवसाई बनारसी प्रसाद से पचास हजार रुपये रंगदारी मांगे जाने के मामले में वह पकड़ा गया था। रंगदारी नहीं दिए जाने पर हत्या कर तक की धमकी दी गई थी। व्यवसाई ने बिहिया थाना में जाकर रंगदारी मांगे जाने एवं हत्या की धमकी दिए जाने को लेकर केस दर्ज कराया था। उस समय पकड़े गए दानी के पास से एक देसी पिस्तौल, दो गोली बरामद किया गया था। मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया था।

---

डेढ़ साल पहले गांधी जयंती पर हुआ था रिहा

इससे पूर्व दो अक्टूबर 2018 को गांधी जयंती के दिन वह से जमानत पर रिहा हुआ था। लेकिन, उसकी गतिविधियों को लेकर पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई थी। जिसके बाद बिहिया थाना प्रभारी ने बिहार क्राइम कंट्रोल एक्ट के तहत सीसीए लगाने का प्रस्ताव एसपी के पास भेजा था। इस बीच रंगदारी का मामला सामने आते ही पुलिस ने उसे तत्काल धर दबोचा था। दानी यादव पहले से सजायाफ्ता भी रहा है। -------

रंगदारी, छेड़खानी व लूटकांड में चल रहा था फरार

इधर, एसपी सुशील कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया कुख्यात दानी यादव वर्तमान में तीन कांडों में फरार चला आ रहा था। सूत्रों के अनुसार व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र तिवारी से रंगदारी मांगे जाने को लेकर पांच फरवरी 2020 को केस हुआ था। जिसमें वह फरार चला आ रहा था। इसी तरह नौ मार्च को एक महिला के छेड़खानी व मारपीट किए जाने को लेकर केस हुआ था। जिसमें भी वह फरार चला आ रहा था। इसी तरह तीन मार्च 2010 को बिहियां के कटेयां रोड में बारात से लौट रहे आयर थाना के बरनाव गांव के तीन लोगों के पास से बाइक समेत नकदी लूट लिया गया था। जिसमें भी पुलिस को उसकी तलाश थी। छापेमारी दल में शामिल दारोगा शशिकांत समेत टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उसके विरुद्ध दर्ज मामलों का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा।

------

20 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा हैं हिस्ट्रीशीटर दानी, 23 से अधिक मामला है दर्ज

आरा: बिहिया का कुख्यात दानी यादव करीब 20 सालों से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। करीब 23 से अधिक आपराधिक मामले में दागी रहा है। इसमें करीब तीन मामलों में ही वर्तमान में फरार चला आ रहा है। भोजपुर एसपी सुशील कुमार ने बताया कि पकड़े गए दानी के विरुद्ध नए और पुराने कुल 23 मामले मिले है। आपराधिक इतिहास देखने से पता चलता हैं कि साल 2000 से ही आपराधिक कांडों में सक्रिय रहा था। पहली बार बक्सर रेल थाना में घटित हत्या में उसका नाम आया था। सर्वाधिक मामले लूटपाट, डकैती व हत्या के अलावा आ‌र्म्स एक्ट से जुड़ा रहा है। वह पहले ट्रेनों में लूटपाट, डकैती के अलावा हत्या से जुड़े कांडों को अंजाम दिया करता था। बाद में उसने भोजपुर के जिले में भी सक्रियता बढ़ा दी थी। सभी मामले बक्सर रेल, आरा रेल के अलावा आरा नवादा थाना, टाउन थाना, बिहिया थाना, शाहपुर थाना ,उदवंतनगर थाना से जुड़े है। अधिकांड यानी 12 मामले बिहिया थाना से जुड़ा है।

----

आठ साल पहले समाजिक कार्यकर्ता की हत्या को लेकर आया था चर्चा में

पकड़ा गया कुख्यात दानी यादव करीब आठ साल पहले बिहिया नगर में घटित एक समाजिक कार्यकर्ता की हत्या को लेकर चर्चा में आया था। 10 नंवबर 2012 में मो रोजीद अंसारी की हत्या की घटना हुई थी। तब यह मामला काफी सुर्खियों में था। तलवार से हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेक दिया गया था।

chat bot
आपका साथी