आरा में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, दस घायल

भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के रूपचकियां बथान गांव में रविवार की सुबह जबरन चंदा मांगे जाने व छेड़खानी किए जाने के सवाल को लेकर दो अलग-अलग गांवों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 08 Nov 2020 10:14 PM (IST) Updated:Sun, 08 Nov 2020 10:14 PM (IST)
आरा में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, दस घायल
आरा में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, दस घायल

आरा। भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के रूपचकियां बथान गांव में रविवार की सुबह जबरन चंदा मांगे जाने व छेड़खानी किए जाने के सवाल को लेकर दो अलग-अलग गांवों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दोनों गुटों के बीच सरेआम लाठी-डंडा व ईट-पत्थर चले। धारदार हथियार से भी हमला किया गया। जिसमें करीब दस से अधिक लोग घायल हो गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। इस दौरान पुलिस को भी रायफल ताननी पड़ी। इसे लेकर करीब एक-डेढ़ घंटे तक अफरातफरी मची रही। पुलिस के अनुसार झड़प के बाद तनाव को देखते हुए निगरानी रखी जा रही हैं। घटना सुबह नौ बजे की हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज सदर अस्पताल, आरा में कराया गया।

---------- ऑटो से जबरन चंदा वसूले जाने को लेकर विवाद ने तूल पकड़ा

इधर, हिसक संघर्ष में चांदी थाना के रूपचकियां बथान टोला निवासी संतोष यादव के पुत्र राधेश्याम कुमार, अजय यादव के पुत्र अविनाश कुमार,रंजन यादव के पुत्र संजय यादव,रामाधार यादव के पुत्र अमित यादव को चोट आई है। गंभीर रूप से घायल एक पक्ष के रूपचकिया बथान गांव निवासी अविनाश कुमार एवं राधेश्याम कुमार का इलाज सदर अस्पताल, आरा में कराया गया । घायल अविनाश ने तलवार से हमले करने का आरोप लगाया है। गर्दन के पास कटे का निशान पाया गया हैं। झड़प में दूसरे पक्ष हरदास टोला के भी तीन-चार लोगों को चोटें आई हैं। इधर, ,जख्मी राधेश्याम ने बताया कि रुपचकियां गांव में पांच नवंबर से लक्ष्मी नारायण यज्ञ आयोजित है। इस बार हरदास टोला के लोग यज्ञ करवा रहे हैं। रविवार की सुबह वे ऑटो लेकर चांदी बाजार गए थे। चांदी-संदेश पथ के रास्ते वे वापस लौट रहे थे। इस बीच रूपचकियां गांव के समीप कुछ युवक उसके ऑटो को रोककर जबरन चंदा मांगने लगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे चंदा दे दिए है। लेकिन, हरदास टोला के युवकों द्वारा कहा गया कि जितनी बार आना-जाना होगा उतनी बार उन्हें चंदा देना होगा। इसी बात को लेकर दोनों के दो पक्षों के बीच पहले नोकझोंक हुई। बाद में मारपीट शुरू हो गई। आरोप हैं कि हरदास टोला के युवकों ने समूह बनाकर हरवे-हथियार से हमला कर दिया। जिसके बाद विवाद ने तूल पकड़ा।

-----------

यज्ञ में गई लड़कियों से छेड़खानी को लेकर भी आ रही विवाद की बात

चांदी थाना के रूपचकिया गांव में यज्ञ के दौरान रामलीला व रासलीला भी हो रहा हैं। पूर्व में यज्ञ कराने को लेकर भी विवाद हुआ था। इस दौरान कार्यक्रम में गई लड़कियों के साथ कथित रूप से छेड़खानी किए जाने को लेकर भी रूपचकिया व हरदास टोला के कुछ युवाओं के बीच अंदर ही अंदर वाद-विवाद चला आ रहा था। इसके बाद चंदा को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया। दो गुटों के लोग सरेआम आपस में भिड़ गए। सड़क से लेकर गांव तक दोनों गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडा से लेकर ईट-पत्थर चलने लगे। जिससे भगदड़ मच गई। जिसमें दोनों ही पक्षों के करीब करीब दस लोग घायल हो गए।

------------

टकराव की सूचना पर पुलिस को लगानी पड़ी दौड़

इधर, चांदी थाना के रूपचकियां गांव में दो गांव के दो गुटों के बीच सड़क पर टकराव की सूचना मिलने पर चांदी व संदेश दोनों थानों की पुलिस को दौड़ लगानी पड़ी। किसी तरह सख्ती दिखाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस दौरान जबरन चंदा वसूले जाने व छेड़खानी से आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाया। बाद में समझा-बुझाकर स्थिति पर काबू पाया गया। मौके पर अभी भी पुलिस कैंप कर रही है। पुलिस के अनुसार घटना के मूल में केवल चंदा वसूले जाने की बात सामने आ रही है।

chat bot
आपका साथी