Jamui: कुएं ने छीना सुहाग, चार दिन पहले हुई थी शादी, पत्‍नी बदहवास

जमुई में कुएं में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। चार दिन पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। चार दिन बाद महिला का सुहाग उजड़ जाने से घर में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्‍नी बदहवास है। घटना के बाद शोक की लहर फैली हुई है।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Wed, 30 Jun 2021 02:16 PM (IST) Updated:Wed, 30 Jun 2021 02:16 PM (IST)
Jamui: कुएं ने छीना सुहाग, चार दिन पहले हुई थी शादी, पत्‍नी बदहवास
मौत के बाद बदहवास पत्‍नी व स्‍वजन।

संवाद सूत्र, चंद्रमंडीह (जमुई)। चकाई थाना क्षेत्र के परांची पंचायत अंतर्गत कोकहरा गांव में मंगलवार की देर रात पानी लेने के क्रम में कुएं में गिर जाने से एक युवक की मौत हो गई। पेशे से मजदूर भोला तुरी के 24 वर्षीय पुत्र अजय तुरी मंगलवार की देर रात को अपने घर के समीप कुएं में पानी भरने गया था। वह पानी खींच रहा था। तभी असंतुलित होकर वह कुंआ में गिर पड़ा। गिरने के बाद घर वालों द्वारा हो हल्ला करने पर जुटे स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे आधे घंटे की मशक्कत के बाद झग्गड़ से बाहर निकाला और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जा रहे थे। इसी क्रम में रास्ते में उसकी मौत हो गई।

वहीं घरवाले जब अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घरवाले शव को लेकर गांव चले गए। इधर घटना की सूचना पाकर बुधवार की सुबह चकाई थाना के अवर निरीक्षक केडी यादव भी गांव पहुंचे और मृतक के स्वजनों से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली। मृतक के ससुराल वाले भी घटना की जानकारी पाकर पहुंचे थे। बता दें कि चार दिन पूर्व ही उक्त युवक की शादी हुई थी।

चार दिनों में ही टूट गया सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा

कोकहरा गांव के युवक अजय तुरी की कुंआ में गिरकर मौत होने के बाद घर में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व ही अजय की शादी झारखंड के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जागंज स्थित महतोटांड़ गांव निवासी टहलू तुरी के पुत्री सुगिया देवी के साथ शादी हुई थी। शादी पूरे विधि-विधान और धूमधाम से हुई थी। इस दौरान सुगिया और अजय ने एक दूसरे का हाथ थाम कर सात जन्म तक साथ निभाने का वादा किया था, लेकिन तब किसी को भी यह अहसास तक नहीं था कि मात्र चार दिनों में ही यह वादा हमेशा के लिए टूट जाएगा।

अभी ठीक से सुगिया के हाथ की मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा है और हमेशा के लिए उसका सुहाग उजड़ गया। घरवाले बताते हैं कि अभी द्वार छकायी की रस्म भी पूरी नहीं हुई थी। मृतक के पिता भोला तुरी बेटे के शव से लिपटकर बिलखते हुए कह रहे थे कि अभी शादी की पूरी रस्म और विधि विधान भी पूरी नहीं हुई थी। पूरे घर में खुशी का माहौल था। मंगलवार को गांव में वार्षिक पूजा का आयोजन हुआ था। पूरा घर मेहमानों के आगमन से गुलजार था। इस अवसर पर पूजा पाठ चल रहा था। सभी लोग घर में नई बहू के आगमन के साथ खुश थे। इसी बीच उनका पुत्र कुंआ में पानी लाने गया और वह गिर पड़ा जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से पत्नी सुगिया देवी का रो रो कर बुरा हाल है। सुगिया बेसुध हो कह रही थी कि अब तो उसकी दुनिया ही उजड़ गई। उसने क्या-क्या खवाब अपने मन में पाले थे। लेकिन सभी खवाब पति की मौत से टूट गई है। सुगिया को समझ ही नहीं आ रहा है क्या करें। वही घरवालों के क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन है। घर गांव के लोग भी इस घटना से काफी दुखी है। इधर मृतक के घर सभी पूरी तरह गमगीन है। बुधवार को मृतक का अंतिम संस्कार गांव में ही कर दिया गया। जहां पिता भोला ने मुखाग्नि दी।

chat bot
आपका साथी