भागलपुर समाचार : बरारी में दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या, मुखबरी में गई सन्नी और रोहित की जान?

Bhagalpur News बरारी में दिनदहाड़े दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है। बताया जा रहा है कि दोनों की हत्या मुखबरी करने के शक पर की गई है।

By Alok Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 27 Nov 2022 09:23 PM (IST) Updated:Sun, 27 Nov 2022 09:23 PM (IST)
भागलपुर समाचार : बरारी में दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या, मुखबरी में गई सन्नी और रोहित की जान?
भागलपुर समाचार : हथिया नाले के पास मिला दोनों का शव।

जागरण संवाददाता, भागलपुर : बरारी इलाके के हथिया नाला के पास रविवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने बरारी के संतनगर कालोनी निवासी सन्नी पासवान के पीठ और गंगा विहार कालोनी निवासी रोहित कुमार को पेट में गोली मारकर मौत के घात उतारा है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मौके से सन्नी की बाइक और उसके कमर से एक पिस्टल बरामद किया है।

पुलिस को जांच में प्रारंभिक जानकारी मिली है कि किसी बात को लेकर इनलोगों की आपस मे विवाद हुआ था। हाल ही में बरारी के एक कुख्यात की गिरफ्तारी हुई थी, उसके मुखबिरी का शक रोहित पर था। हालांकि पुलिस बरामद हथियार और हत्या के कारणों की जांच करने में जुटी हुई है। सन्नी के भाई शशि ने बताया कि शाम चार बजे रोहित उसके घर आया था। इसके बाद सन्नी और रोहित बाइक से निकल गए थे। -दोनों युवक को पुलिस ने मायागंज हथिया नाला के पास किया बरामद -तीन दिन पहले किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद भी हुआ था -मृतक सन्नी के भाई ने कहा, बदमाशों की रोहित को हत्या की थी साजिश -मुखबिरी के शक में गोली मारकर हत्या करने की आशंका -छह महीने पहले मई में मधेपुरा की लड़की से हुई थी शादी -पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल, बार-बार बेहोश हो जा रही है

शाम में 4:30 बजे अचानक मोहल्ले में हल्ला हुआ कि हथिया नाले के पास शशि और रोहित को किसी ने गोली मार दी है। वे लोग बदहवास होकर हथिया नाला के पास पहुंचे। वह दोनों बेसुध पड़े हुए थे। तत्काल उन लोगों को उठाकर लोग जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज एवं अस्पताल, मायागंज ले गए। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रोहित के स्वजनों ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे दीपक नामक युवक ने उसके घर आकर सूचना दी कि रोहित और उसके दोस्त की हत्या कर दी है। जानकारी मिलने पर वे लोग वहां पहुंचे।

घटना की सूचना बरारी पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही बरारी चौकी इंचार्ज संजय सत्यार्थी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद घटनास्थल पर भी जांच के लिए गए। पुलिस ने सन्नी के पास से मिले हथियार को जप्त कर लिया है। मायागंज अस्पताल में एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात और सिटी एएसपी शुभम आर्य पहुंचे। उन्होंने रोहित और सन्नी के स्वजनों से काफी देर तक जानकारियां ली। घटनास्थल के पास संदिग्ध अवस्था मे घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने इस मामले में हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। दोनों के स्वजनों ने बताया कि इस घटना के बारे में अंकित और दीपक को काफी जानकारी है। दोनों संदेह के घेरे में है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

अपना वाहन चलाता था सन्नी

सन्नी अपना वाहन चलाता था। जबकि रोहित के पिता ड्राइवर हैं। रोहित कुछ नही करता था। रोहित और सन्नी प्रतिदिन हथिया नाला जाते थे। वहां उसके अन्य दोस्त भी पहुंचते थे। इस मामले में पुलिस शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने बरारी समेत शहर के कई पुराने दागियों के ठिकानों पर दबिश दी है। इस मामले में एसएसपी बाबूराम ने विशेष टीम गठित कर दी है। मामले के उदभेदन के लिए बरारी थाना के तत्कालीन इंचार्ज एवं वर्तमान में जगदीशपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार और कजरैली थानाध्यक्ष नवनीश कुमार को भी बरारी थाना बुलाया गया है। इधर, घटना के बाद इलाके में लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। इलाके के लोगों का कहना है कि काफी समय बाद फिर से इस तरह की हत्या हुई है।

वहीं, हथिया नाला के समीप घटना के समय मौजूद रहे कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोगों से रोहित और सन्नी की पहले काफी बहस हुई। इसके बाद अचानक से बहस कर रहे लोगों ने रोहित के पेट में गोली मार दी। यह देखते ही सन्नी बचने के लिए भागा। इतने में एक अपराधी ने पिस्टल से भाग रहे सन्नी पर गोली चला दी। जो उसके पीठ में लगी और वह वहीं धाराशायी हो गया। जिन अपराधियों ने दोनों को गोली मारी है। उसे वहां के लोग जानते हैं, लेकिन उनके भय से कोई मुंह खोलने के लिए तैयार नहीं है। सन्नी के भाई शशि का कहना है कि अपराधी रोहित को मारने आए थे। भागने के क्रम में पीछे से उसके भाई को भी पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे कारणों और हत्या में संलिप्त बदमाशों की स्वजनों को पता है। लेकिन वे कुछ भी बताने से फिलहाल इन्कार कर रहे हैं।

मारने आया था रोहित को सन्नी भी बदमाशों के निशाने पर आ गया

-फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बिखरे खून के एकत्र किए नमूना -घटनास्थल से नहीं मिला खोखा, दोनों मृतक के शरीर मे फंसने की आशंका -डाग स्क्वायड का भी लिया सहयोग

एफएसएल की टीम ने की जांच

फोरेंसिक की टीम ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। इस दौरान घटनास्थल पर बिखरे खून के नमूने लिए गए। हालांकि घटनास्थल से खोखा बरामद नहीं हुआ। पुलिस को शक है कि रोहित के पेट और सन्नी के पीठ में ही फंस गया होगा। इसलिए खोखा नहीं मिला। एक्सरे रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो पाएगा। सिटी एसपी स्वर्ण प्रभात ने यह आशंका जाहिर की कि सन्नी के कमर से बरामद कट्टा को हत्याकांड में शामिल बदमाश प्लांट कर दिया हो। सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।

भागलपुर एसएसपी बाबूराम ने कहा कि बरारी में युवकों की हत्या मामले का पर्दाफाश करने के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। जो हर बिंदु पर मामले की जांच करेगी। घटना में शामिल अपराधियों की धरपकड़ और पहचान के लिए प्रयास जारी है।

chat bot
आपका साथी