बिहार विधानसभा उपचुनाव 2019 : बेलहर में जदयू, राजद के बीच खड़े दो अन्य प्रत्याशियों ने चुनाव को बनाया रोचक Banka News

बेलहर विधानसभा में तीन प्रखंड चानन बेलहर और फुल्लीडुमर आता है। यहां मतदाताओं की संख्या तीन लाख तीन हजार 130 है। मतदाताओं के लिए 329 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 09:00 AM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 09:00 AM (IST)
बिहार विधानसभा उपचुनाव 2019 :  बेलहर में जदयू, राजद के बीच खड़े दो अन्य प्रत्याशियों ने चुनाव को बनाया रोचक Banka News
बिहार विधानसभा उपचुनाव 2019 : बेलहर में जदयू, राजद के बीच खड़े दो अन्य प्रत्याशियों ने चुनाव को बनाया रोचक Banka News

बांका [जेएनएन]। बांका का बेलहर विधानसभा क्षेत्र नक्सली गतिविधियों के कारण लालखंड के रूप में चर्चित रहा है। इस समय इस क्षेत्र में हर तरफ चुनावी शोर सुनाई दे रहा है। मतदाताओं का उत्साह परवान पर है। वैसे तो यहां चार प्रत्याशी अपने भाग्य आजमा रहे हैं। लेकिन, मुकाबला महागठबंधन और एनडीए के बीच होगा। दोनों धड़ों के नेताओं के लिए यह प्रतिष्ठा की सीट बन गई है। यहां के जदयू विधायक रहे गिरिधारी यादव के बांका से सांसद बनने के बाद बेलहर सीट पर उप चुनाव होना है। गिरिधारी यादव इस विधानसभा क्षेत्र का दो बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस बार इनके भाई लालधारी यादव जदयू से प्रत्याशी हैं। इनके मुकाबले में राजद ने पूर्व विधायक रामदेव यादव को प्रत्याशी बनाया है। इस चुनाव में एनडीए की ओर से जदयू प्रत्‍याशी, महागठबंधन की ओर से राजद प्रत्‍याशी के बीच हो रहे मुकाबले में दो अन्‍य प्रत्‍याशियों ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।

पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर गौर करें तो गिरिधारी यादव ने लंबे मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। इनको 70 हजार 345 मत मिले थे। जबकि भाजपा प्रत्याशी 54 हजार 157 मत मिले थे। गिरिधारी से पूर्व वर्ष 2005 के विधानसभा चुनाव में भी यहां जदयू प्रत्याशी जर्नादन मांझी की जीत हुई थी। लोकसभा चुनाव के दौरान भी गिरिधारी यादव को 77 हजार 397 वोट मिले थे। जबकि राजद के उम्मीदवार जयप्रकाश नारायण यादव को 47 हजार 677 वोट पर ही संतोष करना पड़ा था। इसके बावजूद विस चुनाव में महागठबंधन के समर्थकों का हौसला परवान पर है।

इस विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रखंड चानन, बेलहर और फुल्लीडुमर आता है। यहां मतदाताओं की संख्या तीन लाख तीन हजार 130 है। मतदाताओं के लिए 329 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव प्रचार के लिए अबतक उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल, समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और मुंगेर सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह आ चुके हैं। जबकि महागठबंधन प्रत्याशी के लिए पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव लगातार चार दिनों तक यहां कैंप करेंगे। राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी चुनाव प्रचार कर चुके हैं। मात्र चार प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में डटे रहने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प है। आज मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी के अलावा लोजपा नेता और कई मंत्री व नेता एनडीए उम्‍मीदावर जदयू प्रत्‍याशी लालधारी यादव के पक्ष में चुनावी सभा करने आएंगे।

चुनाव से जुड़ी प्रमुख तिथि

प्रचार का समापन-19 अक्टूबर

मतदान-21 अक्टूबर

मतगणना-24 अक्टूबर

chat bot
आपका साथी