अब बाढ़ प्रभावित इलाकों में लत्तीदार सब्जियों की होगी खेती

अब बाढ़ प्रभावित इलाकों में लत्तीदार सब्जियों की खेती की जाएगी। अलान पर सब्जी उगाने के लिए सरकार किसानों को करेगी मदद। बारिश के दिनों में सब्जी के फसल को नहीं पहुंचेगा कोई नुकसान। इससे किसानों को राहत मिलेगी।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 23 Mar 2021 10:45 AM (IST) Updated:Tue, 23 Mar 2021 10:45 AM (IST)
अब बाढ़ प्रभावित इलाकों में लत्तीदार सब्जियों की होगी खेती
बाढ़ प्रभावित इलाकों में सब्‍जी का किया जाएगा उत्‍पादन।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लत्तीदार सब्जियों की खेती के लिए सरकार किसानों को प्रोत्साहित करेगी। पांच सौ स्क्वायर मीटर में अलान पर सब्जी की खेती करने वाले किसानों को 13 हजार रुपये खर्च होंगे। 6500 रुपये सरकार किसानों को अनुदान देगी। एक किसान अधिकतम एक हजार स्क्वायर मीटर में सब्जी की खेती कर सकते हैं। किसानों को अनुदानित दर पर सब्जियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर अलान पर सब्जी की खेती होने से किसानों को नुकसान नहीं होगा और बारिश के दिनों में भी सब्जियों की किल्लत नहीं होगी।

किसानों को मिलेगी प्राथमिकता

लत्तीदार सब्जियों की खेती के लिए छह प्रखंडों के किसानों को प्राथमिकता मिलेगी। पीरपैंती, कहलगांव, गोपालपुर, सबौर, नाथनगर, बिहपुर के किसानों को उद्यान विभाग की ओर से प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को अलान बनाने के लिए बांस, तार, रस्सी, सूत, कांटेदार जाली और अन्य उपयोग होने वाली सामग्री के लिए अनुदान मिलेगा। एकीकृत उद्यानी विकास योजना के तहत अधिकतम 250 किसानों और न्यूनतम 125 किसानों को अनुदान का लाभ मिल सकेगा। जिले को 250 यूनिट का लक्ष्य दिया गया है। एक किसान दो यूनिट तक खेती कर सकते हैं। एक यूनिट पाचं सौ स्क्वायर मीटर का होता है। इसके लिए अभी तक दो दर्जन से किसानों ने अलान पर लत्तीदार सब्जियों के लिए आवेदन किया है।

बारिश में नहीं गलेंगे पौधे

बारिश के मौसम में और बाढग़्रस्त क्षेत्रों में सब्जी की खेती करने वाले किसानों को अक्सर नुकसान होता है। खेत में पानी जमा रहने की वजह से पौधे गल जाते हैं। इस कारण उद्यान विभाग किसानों को बारिश के मौसम में अलान पर लत्तीदार सब्जियों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है। अलान में फैले पौधे बारिश में गलते नहीं हैं। देखने में सुंदर व स्वस्थ होते हैं। किसानों को फायदा होगा।

कद्दू, करैला, खीरा, परोल की होगी खेती

किसान बारिश के मौसम में अलान पर कद्दू, करेला, खीरा, परोल, सीम, झिंगली की खेती कर सकेंगे। अलान पर लगी सब्जी लंबे और चमक वाली होती है। किसानों को बाजार रेट भी अच्छा मिलता है। ग्राहकों को यह अपनी ओर आकर्षित करता है। जमीन पर उगी सब्जियों में दाग लग जाता है। इसकी कीमत कम मिलती है।

अलान पर लत्तीदार सब्जियों की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मार्च-अप्रैल में किसान लत्तीदार सब्जियां लगा सकते हैं। इसके लिए किसानों को 50 फीसद तक अनुदान मिलेगा। अनुदान दर पर सब्जियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। - विकास कुमार, सहायक निदेशक उद्यान

chat bot
आपका साथी