मुस्लिम कैदियों अलीशा और अफरोज समेत 215 बंदियों ने रखा नवरात्रि का व्रत, भागलपुर जेल में मैया का जगराता

बिहार के भागलपुर जेल में मुस्लिम बंदी अलीशा और अफरोज भी नवरात्रा कर रहे हैं। जेल में नौ दिन मैया का जगराता चलेगा। दोनों कैदियों के अलावा केंद्रीय कारा में 134 बंदी महिला मंडल कारा में 26 और विशेष केंद्रीय कारा में 55 बंदियों ने व्रत रखा है।

By Kaushal Kishore MishraEdited By: Publish:Mon, 26 Sep 2022 10:43 PM (IST) Updated:Mon, 26 Sep 2022 10:43 PM (IST)
मुस्लिम कैदियों अलीशा और अफरोज समेत 215 बंदियों ने रखा नवरात्रि का व्रत, भागलपुर जेल में मैया का जगराता
बिहार के भागलपुर केंद्रीय कारागार में बंदियों ने रखा व्रत।

जागरण संवाददाता, भागलपुर : मां दुर्गा की नौ रूपों में अपार आस्था की मिसाल सलाखों के पीछे भी देखने को मिल रही है। भागलपुर की तीनों जेलों में नवरात्र की धूम है, माहौल भक्तिमय हो गया है। यहां की तीनों जेलों में शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा में 134 बंदी जिनमें एक मुस्लिम बंदी अफराेज भी शामिल हैं। महिला मंडल कारा की 26 महिला बंदियों में एक बीबी अलीशा ने भी नवरात्र का व्रत रखा है। विशेष केंद्रीय कारा में 55 बंदियों ने व्रत रखा है। तीनों जेलों में नवरात्र व्रत करने वाले 215 बंदियों के व्रती दिनचर्या में न सिर्फ सहयोग कर रहे हैं बल्कि नौ दिनों तक मां दुर्गा की जगराता भी धूमधाम से कर रहे हैं।

आस्था ने तोड़ी मजहबी दीवार

भागलपुर के सुल्तानगंज की रहने वाले मुहम्मद अफरोज ने जेल प्रशासन को स्वयं लिखकर नवरात्र व्रत रखने की इच्छा जताई थी। अफरोज कहता है कि उसे खुद इच्छा हो गई कि वह नवरात्र का व्रत रखेगा। बस उसने अपने मन की बात जेल अधिकारियों के समक्ष रखी। जेल अधिकारियों ने उसकी इच्छा पर नवरात्र का व्रत रखने की इजाजत दे दी। भागलपुर के बबरगंज की रहने वाली महिला बंदी बीबी अलीशा ने भी व्रत रखने की इच्छा जताई तो जेल प्रशासन ने उसे भी इजाजत दे दी और दोनों के नाम नवरात्र व्रत रखने वाले बंदियों की सूची में शामिल कर लिया गया। सोमवार को नवरात्र का पहला व्रत भी अन्य बंदियों के साथ दोनों ने रखा।

- भागलपुर की तीनों जेलों में शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा में 134 बंदी -महिला मंडल कारा में 26 और विशेष केंद्रीय कारा में 55 बंदियों ने रखा है व्रत -अफराेज और अलीशा भागलपुर के रहने वाले -व्रती बंदियों को जेल प्रशासन ने की है फलाहार की व्यवस्था

फांसी बंदी जियाउद्दीन और मन्नान ने भी रखा था व्रत

शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा में कभी बंद रहे फांसी बंदी जियाउद्दीन और मन्नान ने भी नवरात्र का व्रत रखा था। 2018 में दरभंगा जिले के बहेरी गांव के रहने वाले मन्नान ने जेल प्रशासन को अर्जी दे नवरात्र व्रत रखने की इच्छा जताई थी। तब जेल प्रशासन ने उसकी आस्था को देखते हुए इजाजत दे दी थी। 2021 में फांसी बंदी जियाउद्दीन ने भी नवरात्र का व्रत रखा था।

पूजन सामग्री और फलाहार मुहैया करा रखे हैं जेल अधिकारी

जेल प्रशासन की तरफ से बंदियों को पूजन सामग्री के अलावा फलाहार की व्यवस्था की गई है। दूध, नींबू पानी, फल की व्यवस्था की गई है। जेल अधिकारी मनोज कुमार, युसुफ रिजवान, अशोक कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह नवरात्र पर्व को लेकर सुरक्षा चौकसी बरतने के लिए बीएमपी जवानों और कक्षपालों को अलर्ट मोड में रखा है। सीसी कैमरे से जेल के आंतरिक और बाहरी परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जेल अधिकारी स्वयं भी सुरक्षा चौकसी का अवलोकन कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी