Eid al-Adha 2021: मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई बकरीद की नामाज़, कोरोना को लेकर जमुई के ईदगाह में लगा रहा ताला

Eid al-Adha 2021 ईद उल अजहा यानि बकरीद आज है। इसको लेकर सुबह छह बजे मस्जिदों में नमाज अदा की गई। कोरोना के कारण इस बार लोगों ने अपने-अपने घरों में ही नमाज अदा की। साथ ही एक-दूसरे को बधाई दी।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 11:14 AM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 11:14 AM (IST)
Eid al-Adha 2021:  मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा की गई बकरीद की नामाज़, कोरोना को लेकर जमुई के ईदगाह में लगा रहा ताला
Eid al-Adha 2021: ईद उल अजहा यानि बकरीद आज है।

 संवाद सहयोगी, जमुई। शहर के जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में बुधवार की सुबह छह बजे से अकीदत के साथ ईद उल अजहा यानि बकरीद की नमाज अदा की गई।कुछ लोगों ने गला मिलकर बकरीद पर्व की बधाई दी तो कोरोना को लेकर अधिकांश लोगों ने गला मिलने से भी परहेज किया। और हाथ मिलाकर ही एक दूसरे को पर्व की बधाई दी। इस दौरान मस्जिद के इमाम द्वारा देश की अमन और शांति के लिए दुआएं मांगी गईं। आपसी भाईचारा के साथ- साथ कोरोना से हिफाज़त के लिए भी अल्लाह से दुआएं की गईं।

हालांकि कोरोना संक्रमण को लेकर सरकार के निर्देश व जिला प्रशासन की अपील के बाद ईदगाह के मैदान में बकरीद की नमाज अदा नहीं की गई। लोगों ने शांतिपूर्वक तरीके से अपने-अपने इलाके के मस्जिदों में नमाज अदा की। शहर के बोधवन तालाब स्थित ईदगाह के मैदान में सन्नाटा पसरा रहा तो आदर्श थाना के समीप जामा मस्जिद, मिर्चा मस्जिद, छोटी मस्जिद, नीमारंग मस्जिद, हांसडीह मस्जिद के अलावा पूरे जिले के मस्जिदों में सरकार के निर्देश और जिला प्रशासन के अपील का पालन किया गया। जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मुहम्मद नसीम ने बताया कि देश के नियम और कानून को सभी लोगों को मानना चाहिए। जिस कार्य में देश के साथ-साथ लोगों की भलाई हो वह कार्य लोगों को करना चाहिए।

नमाज के बाद दी गई कुर्बानी

ईद- उल- अज़हा यानि बकरीद की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने घरों में सेवइयां और मिठाई खाकर पर्व मनाया, साथ ही अल्लाह के हुक्म को मानते हुए अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी दी। हैसियतमंद लोगों द्वारा अपने-अपने घरों में बकरे की कुर्बानी दी गई। और बकरे की मीट को गरीबों व जरूरतमंद पड़ोसियों, रिश्तेदारों के बीच वितरण किया गया। साथियों व रिश्तेदारों से मिलकर बकरीद पर्व की बधाइयां दी। छोटे-छोटे बच्चे नए-नए कपड़े पहन कर ईद पर्व की खुशियां मनाते दिखे।

सुरक्षा को ले चौक- चौराहों पर तैनात रही पुलिस

बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रही। चौक- चौराहों के साथ-साथ चिन्हित जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं बीडीओ, सीओ के अलावा नगर थानाध्यक्ष चंदन कुमार घूम- घूम कर हालात का जायजा ले रहे थे। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त निर्देश पर पुलिस द्वारा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न्न मुहल्लों एवं गांव में गश्ती की जा रही थी। साथ ही पदाधिकारियों द्वारा मुहल्ले के गणमान्य लोगों से भी हालात की जानकारी ली जा रहा थी। हालात का जायजा ले रहे पदाधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। थोड़ी भी चूक होने की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों द्वारा असामाजिक तत्वों एवं मनचले युवकों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। 

chat bot
आपका साथी