बीमा के जीवन में तूफान, बुझ गया दीपक

विधायक सह पूर्व मंत्री बीमा भारती के बड़े पुत्र दीपक की मौत की खबर से पूरा इलाका स्तब्ध रह गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Aug 2018 03:43 PM (IST) Updated:Sat, 04 Aug 2018 08:10 PM (IST)
बीमा के जीवन में तूफान, बुझ गया दीपक
बीमा के जीवन में तूफान, बुझ गया दीपक

पूर्णिया। विधायक सह पूर्व मंत्री बीमा भारती के बड़े पुत्र दीपक की मौत की खबर से पूरा इलाका स्तब्ध रह गया। विधानसभा सह आसपास के क्षेत्रो में यही चर्चा रही कि आखिर दीपक की मौत कैसे हुई! सूचना मिलते ही भिट्ठा गांव से उसके सगे-संबंधी पटना निकल गए। भिट्ठा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। मालूम हो कि विधायक बीमा भारती के बड़े पुत्र दीपक का शव पटना के रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह मिला था। उसकी सूचना जैसे ही भिट्ठा गांव पहुंची, लोग सन्न रह गए। ग्रामीणों को विश्वास ही नहीं हो रहा था, लेकिन सोशल मीडिया व टीवी चैनलों पर खबर चल रही थी। इस कारण दीपक के दोस्त फफक पड़े। उसके पिता अवधेश मंडल, मामा अशोक भारती व अन्य परिजन की चीत्कार से पूरा गांव दहल गया। जिसने भी खबर सुनी, दौड़ा-दौड़ा विधायक के आवास पर पहुंच गया। घर हजारों लोगों से भर गया। हर किसी की आंखों से आंसू बह रहे थे। गांव की महिलाएं टीवी चैनलों पर बीमा भारती को रोती देखकर रोने लगीं। गांव की महिलाएं बताती हैं कि दीपक घर आते ही मां-मां कहकर बीमा से लिपट जाता था। बीमा भारती की तीन संतानों में दीपक सबसे बड़ा था। उसके बाद उसकी बहन रानी और भाई राजा था। तीनों पटना में ही रहकर पढ़ रहे थे। दीपक पटना के ही किसी गांव में रहकर पढ़ता था। घटना को लेकर मधेपुरा जिले में स्थित अवधेश मंडल के पुश्तैनी गांव धुरिया परबत्ता में भी सन्नाटा पसरा है। बीमा भारती जब पहली बार विधायक बनीं, तब उन्होंने भिट्ठा में जमीन लेकर घर बनवाया। बीमा के ससुर अर्जुन मंडल तथा सास की भी हत्या कर दी गई थी। बीमा के पति अवधेश मंडल भाइयों में अकेले हैं। अवधेश मंडल के पिता तीन भाई थे, जिनमें से दो गुजर गए हैं। पुश्तैनी घर में उनके एक चाचा सियाराम मंडल अन्य लोगों के साथ रहते हैं। सियाराम मंडल ने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे उन्हें दीपक की मौत की सूचना मिली, लेकिन उन्हें विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि दीपक ने रात में अपनी मां को फोन पर पार्टी में जाने की बात कही थी। कहा था, इसी कारण वह देर से लौटेंगे। सियाराम को आशंका है कि दीपक की हत्या की गई है। सियाराम की पत्‍‌नी पार्वती देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पार्वती ने बताया कि दीपक पास आते ही दादी-दादी कहकर उनसे लिपट जाता था। उन्होंने कहा कि दीपक को मारने वाले का कभी भला नहीं होगा।

chat bot
आपका साथी