छठ श्रद्धालुओं ने स्वयं भी संभाल रखी थी गंगा तट पर व्यवस्था

गंगा घाट पर छठ की व्यवस्था आम श्रद्धालु स्वयं संभाले हुए थे। वे लोगों को खतरे में जाने से रोक रहे थे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Nov 2018 06:35 PM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 06:35 PM (IST)
छठ श्रद्धालुओं ने स्वयं भी संभाल रखी थी गंगा तट पर व्यवस्था
छठ श्रद्धालुओं ने स्वयं भी संभाल रखी थी गंगा तट पर व्यवस्था

भागलपुर। चार दिवसीय लोक आस्था के छठ महापर्व पर गंगा तट पर दो दिवसीय अ‌र्घ्य अर्पण मौके पर पहुंचे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का नियंत्रण इस बार स्वयं छठ श्रद्धालु ही करते नजर आए। छठ पूजा करने गंगा तट पर पहुंचे श्रद्धालुओं में ही युवक और अधेड़ श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को खतरे की निशान से आगे बढ़ने से रोक रहे थे। दलदली स्थानों के पास स्वयं खड़े होकर श्रद्धालुओं को उस ओर आने से मना कर रहे थे। यही नहीं गंगा स्नान कर बाहर निकलने वाली भारी भीड़ से घाट पर होने वाली फिसलन से बचाने के लिए भी मुस्तैद थे। यह स्थिति बरारी पुल घाट, सीढ़ी घाट, कोठी घाट और हनुमान घाट की थी। छठ पूजा को गंगा तट पर पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ से ही ऐसे दर्जनों युवक स्वत: स्फूर्त सहायता को आगे आए थे। पहले और दूसरी अ‌र्घ्य मौके पर ऐसे श्रद्धालुओं की सेवा भाव से स्थानीय लोग भी गदगद थे। छठ पूजा समिति के कार्यकर्ता भी आह्लादित थे। हजारों की भीड़ में कोई चूक से भगदड़ की स्थिति न मच जाए इसके लिए भी ऐसे युवक सतर्क थे। गंगा घाट पर हालांकि विधि-व्यवस्था की बेहतरी के लिए विशेष पुलिस बल, महिला पुलिस बल और लाठीधारी सिपाही भी तैनात थे। गंगा तट पर भीड़ में अव्यवस्था का नजारा अधिकारियों के आगमन पर ही दोनों दिन हुआ। अधिकारियों के आगमन पर कुछ देर के लिए भीड़ में अव्यवस्था फैली जिसे विशेष पुलिस बल और छठ पूजा समिति के कार्यकर्ताओं ने संभाल लिया। चार पहिया वाहनों को एक किलोमीटर पहले रोक लिए जाने के कारण भी गंगा तट पर शांति से सबकुछ संपन्न हो गया। हां चेतावनी के बावजूद गंगा में यंत्रचलित नौका और छोटी डेंगी का परिचालन होता रहा। बरारी पुल घाट, सीढ़ी घाट, लंच घाट, शीतला स्थान समिति आदि के कार्यकर्ताओं ने छठ पूजा श्रद्धालुओं को गंगा तट पर सहयोग किया। पुल घाट पर अ‌र्घ्य के लिए श्रद्धालुओं को दूध की व्यवस्था की गई थी। यह व्यवस्था स्थानीय छठ पूजा समिति के कार्यालय में एक क्लब की ओर से की गई थी।

chat bot
आपका साथी