विधायक तो बदलते गए, पर समस्याएं वही

बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक तो बदले पर समस्याएं नहीं। न तो कटाव पीड़ितों की स्थिति में सुधार हुआ है और न ही ग्रामीण सड़कों की स्थिति बदली है। यह क्षेत्र अब भी पिछड़ा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Jul 2020 06:36 AM (IST) Updated:Wed, 29 Jul 2020 06:36 AM (IST)
विधायक तो बदलते गए, पर समस्याएं वही
विधायक तो बदलते गए, पर समस्याएं वही

भागलपुर [नवनीत मिश्र]। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक तो बदले पर समस्याएं नहीं। न तो कटाव पीड़ितों की स्थिति में सुधार हुआ है और न ही ग्रामीण सड़कों की स्थिति बदली है। यह क्षेत्र अब भी पिछड़ा है। खरीक प्रखंड की ढोढिया दादपुर पंचायत में अब तक सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। दस हजार आबादी प्रखंड व अनुमंडल मुख्यालय से अलग-थलग है। ढोढिया से दादपुर होते हुए एनएच-31 अंभो तक जाने वाली सड़क इस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। भवनपुरा पंचायत में कुछ सड़कें बनी हैं, लेकिन मैरचा तक जाने वाली मुख्य सड़क अभी तक नहीं बनी है। कुछ सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है। कुछ सड़कों का शिलान्यास तो हुआ, लेकिन बनी नहीं। लत्तीपुर रेलवे लाइन की सड़क का निर्माण नहीं हुआ। इस सड़क के बनने से किसानों को फायदा होता। इसके अलावा बिहपुर बाजार जाने वाली सड़क की भी स्थिति अच्छी नहीं है। बिहपुर रेलवे स्टेशन से झंडापुर इमली चौक होते हुए एनएच-31 से जुड़ने वाली सड़कों की स्थिति अच्छी नहीं है। छह बेड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएससी) में छह चिकित्सक थे। 30 बेड का सीएससी बनने के बाद दो चिकित्सक हैं। 15 वर्षो से यहां एक भी महिला चिकित्सक नहीं है।

.................

मुख्य मुद्दा

बाढ़ और कटाव से यहां की जनता त्रस्त है। हर वर्ष बाढ़ से सैकड़ों एकड़ भूमि गंगा और कोसी की भेंट चढ़ चुकी है। जिनके पास जमीन नहीं बची है, वे अब भी मालगुजारी जमा कर रहे हैं। हजारों लोग बांध पर शरण लिए हुए हैं। इनके पुनर्वास की व्यवस्था अभी तक ही हो पाई है। कटाव की रोकथाम के लिए अभी तक कोई उपाय नहीं किए गए हैं। कटाव के कारण हरियो पंचायत के बड़ी खालपुर गांव का नामोनिशान मिट गया है। यहां के लोग मधेपुरा जिले के फुलौत का हिस्सा बन गए हैं। इसी पंचायत के गोविंदपुर का 90 फीसद हिस्सा कोसी की भेंट चढ़ गया है। आहूति गांव के लोग मधेपुरा होकर आन-जान कर रहे हैं। जिला मुख्यालय से इस गांव का संपर्क भंग हो गया है। कहारपुर में कटाव शुरू हो गया है। यहां का हाईस्कूल कोसी में समा गया है।

.................

बिहपुर विधानसभा में वोटर

01 लाख 34 हजार 767 पुरुष

01 लाख 21 हजार 311 महिला

10 मतदाता थर्ड जेंडर हैं

100 पुरुष पर 90 महिलाएं

.................

विधायक निधि से 10 करोड़ से अधिक का कराया काम

विधायक वर्षा रानी का कहना है कि अभी तक विधायक निधि से दस करोड़ से अधिक का काम कराया गया है। सड़क, विद्यालय, सामुदायिक भवन, चौपाल आदि का काम कराया गया है। पहले की तुलना में सड़क और बिजली की स्थिति अच्छी हुई है। उन्होंने बताया कि दो वर्षो तक विधायक निधि में दो-दो करोड़ रुपये मिले। इसके बाद तीन-तीन करोड़ मिले। पांचवें वर्ष में ढाई करोड़ रुपये मिले। इसमें से 80 फीसद राशि की अनुशंसा कर दी गई है। चुनाव के दौरान क्षेत्र के चौमुखी विकास का वादा किया था, जिसे पूरा किया गया है।

...................

पांच वर्षो में एक भी काम नहीं हुआ

भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक कुमार शैलेंद्र ने बताया कि पिछले पांच वर्षो बिहपुर विधानसभा में एक भी काम नहीं हुआ है। चुनाव पूर्व चौमुखी विकास का वादा किया गया था। पांच वर्षो में न तो सड़क बनी है और न ही सड़क की मरम्मत हुई है। धरातल पर एक भी काम नहीं दिख रहा है। इसके पूर्व उन्होंने 195 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया। 30-30 बेड का तीन अस्पताल बनवाया। एक स्टेडियम का निर्माण कराया। भवनपुरा व लोकमानपुर में पुल, बिहपुर व नारायणपुर में ग्रिड, चार मॉडल स्कूल का निर्माण कराया, लेकिन इसके बाद कोई भी काम नहीं हुआ।

-----------

................

लोगों ने कहा

1. कुछ काम तो हुए हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ काम होना बाकि है। खरीक बाजार से हॉस्पीटल तक की सड़क वर्षो से नहीं बना है।

रोजी कुमारी, मुखिया

2. विधायक का पांच वर्षो में कुछ ही लोगों ने चेहरा देखा है। वे मुंह देखकर काम किया है। क्षेत्र में नहीं के बराबर काम हुआ है।

सुमन भारद्वाज, पूर्व सरपंच

3. विधायक ने पांच वर्षो में कोई भी काम नहीं किया है। उन्हें क्षेत्र में देखा ही नहीं गया है। यह क्षेत्र आज भी विकास के मामले में पिछड़ा है।

राजकिशोर ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता

4. नारायणपुर को अनुमंडल बनाने का कोई प्रयास नहीं किया। रायपुर में विधायक निधि से एक भी सड़क का निर्माण नहीं हुआ है।

शंकर गुप्ता, समाजसेवी

5. पांच वर्षो में काम के नाम पर जनता के साथ धोखा हुआ है। जेपी कॉलेज रोड, गणेश पथ, मनोहरपुर, आशा टोल जाने वाली सड़क जर्जर है।

सोनू शर्मा, समाजसेवी

6. विधायक जीतने के बाद घर में सो गई। क्षेत्र को देखने तक नहीं आई। मथुरापुर सहित पूरे प्रखंड में एक भी काम नहीं हुआ है।

रंजीत गुप्ता, समाजसेवी

.................

वर्ष विधायक पार्टी

1951-57 कुमार रघुनंदन प्रसाद कांग्रेस

1957-62 प्रभु नारायण राय सीपीआइ

1962-67 सुकदेव चौधरी कांग्रेस

1967-69 जीपी यादव भारतीय जनता संघ

1969-72 प्रभु नारायण राय सीपीआइ

1972-77 प्रभु नारायण राय सीपीआइ

1977-80 सीताराम सिंह आजाद सीपीआइ

1980-85 राजेंद्र प्रसाद शर्मा कांग्रेस

1985-90 राजेंद्र प्रसाद शर्मा कांग्रेस

1990-95 ब्रह्मदेव मंडल जनता पार्टी

1995-2000 ब्रह्मदेव मंडल जनता दल

2000-2005 शैलेश कुमार राजद

2005-2010 शैलेश कुमार राजद

2010-2015 कुमार शैलेंद्र भाजपा

2015-2020 वर्षा रानी राजद

chat bot
आपका साथी