Bihar Assembly Elections 2020 : वज्रगृह के इर्दगिर्द महागठबंधन कार्यकर्ताओं का भी निगरानी घेरा

Bihar Assembly Elections 2020 बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना कल की जाएगी। भागलपुर में वज्रगृह की सुरक्षा पर कई 20-25 की संख्या में युवा कार्यकर्ता निगरानी कर रहे हैं। मोबाइल में पालीटेक्निक कॉलेज की गतिविधियों को कैद कर रहे हैं।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Mon, 09 Nov 2020 08:55 AM (IST) Updated:Mon, 09 Nov 2020 12:15 PM (IST)
Bihar Assembly Elections 2020 : वज्रगृह के इर्दगिर्द महागठबंधन कार्यकर्ताओं का भी निगरानी घेरा
भागलपुर का वज्रगृह। जहां कल मतगणना होगी।

भागलपुर, जेएनएन। Bihar Assembly Elections 2020 : एग्जिट पोल में महागठबंधन को बढ़त मिलने के बाद वज्रगृह के इर्दगिर्द महागठबंधन कार्यकर्ताओं के जत्थे ने भी निगरानी घेरा बना लिया है। जत्थे में अधिकांश राजद कार्यकर्ता शामिल हैं, जो मोबाइल से पालीटेक्निक कॉलेज की गतिविधियां कैमरे में कैद कर रहे हैं। वज्रगृह के समीप दो बड़ा अस्थायी शिविर भी तैयार कर लिया गया है जहां रात को सोने की भी व्यवस्था है। अमूमन मतगणना बाद सभी प्रमुख दलों की तरफ से ऐसा अस्थायी शिविर बनाया जाता रहा है। लेकिन इस बार राजद कार्यकर्ताओं को खास तौर पर प्रदेश अध्यक्ष जगतानंद सिंह ने अगाह किया है। इसके लिए राष्ट्रीय जनता दल के सभी जिलाध्यक्षों को बाकायदा पत्र भेजा गया है। भेजे गए पत्र में कहा गया है कि विरोधी काफी चतुर और चालाक हैं। अभी उन्हीं की सरकार है। इसलिए चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भी जब तक निर्वाचित प्रतिनिधियों को विधिवत रूप से प्रमाणपत्र नहीं मिल जाता तब तक मतगणना केंद्र नहीं छोडऩा है। स्ट्रांग रूम और ईवीएम पर भी सतत निगरानी बनाए रखना है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगतानंद सिंह की तरफ से भेजे गए पत्र और उसके मजमून से प्रखंड, पंचायत, बूथ अध्यक्षों और साथियों से अवगत कराया गया है।

दो दर्जन कार्यकर्ता हैं भ्रमणशील रखी जा रही आवाजाही पर नजर

बरारी स्थित पालीटेक्निक कॉलेज और महिला आइटीआइ के इर्द गिर्द दो दर्जन कार्यकर्ता भ्रमणशील हैं। महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में अधिकांश स्थानीय शामिल हैं। जिनकी गतिविधियों पर भी निगरानी के लिए राजद नेता लगाए गए हैं। कार्यकर्ता दोनों वज्रगृह के मुख्य द्वार की गतिविधियों को कैमरे में कैद कर रहे हैं। वज्रगृह पर प्रशासनिक अधिकारियों की गाडिय़ां कब आई, कब गई। पर्यवेक्षक भी आ रहे हैं या नहीं? कार, जीप या अन्य वाहनों को भी नजदीक से झांकने की कोशिश में कार्यकर्ता लगे हुए हैं। पालीटेक्निक कॉलेज के समीप बने शिविर में मिले राजद नेता मुहम्मद उस्मान ने बताया कि हम सतर्क हैं। हमारे कार्यकर्ता भी किसी भी गड़बड़ी की आशंका को लेकर भ्रमणशील होकर मुस्तैदी से पार्टी धर्म निभा रहे हैं। पल-पल की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। यहां की सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं।

chat bot
आपका साथी