मौसम का कहर: बिहार के पूर्णिया में वज्रपात से 5 लोगों की मौत, मृतकों में तीन महिलाएं शामिल

बिहार में मौसम भी अब अपना कहर दिखाने लगा है। सुबह में उत्‍तर बिहार में जहां आंधी से कई फूस की झोपड़ी को क्षति पहुंची थी वहीं शाम में पूर्णिया में व्रजपात से पांच की मौत हो गई।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Tue, 19 May 2020 06:47 PM (IST) Updated:Tue, 19 May 2020 09:56 PM (IST)
मौसम का कहर: बिहार के पूर्णिया में वज्रपात से 5 लोगों की मौत, मृतकों में तीन महिलाएं शामिल
मौसम का कहर: बिहार के पूर्णिया में वज्रपात से 5 लोगों की मौत, मृतकों में तीन महिलाएं शामिल

पूर्णिया, जेएनएन। बिहार में मौसम भी अब अपना कहर दिखाने लगा है। सुबह में उत्‍तर बिहार में जहां आंधी से कई फूस की झोपड़ी को क्षति पहुंची थी, वहीं शाम में पूर्णिया में व्रजपात से पांच की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड में मंगलवार की देर शाम मौसम बिगड़ गया। बताया जाता है कि आंधी-पानी के बीच वज्रपात की भी घटना हुई है। व्रजपात में पांच लोगों की मौत पर सीएम नीतीश कुमार ने शोक प्रकट किया है।  

पूर्णिया जिले के बायसी अनुमंडल में वज्रपात से पांच लोगों की मौत के अलावा एक महिला भी जख्मी हुई हैं। मृतकों में हरिणतोड़ पंचायत निवासी शकुंतला देवी (51), विशाल महलदार (20) व नाजीत परवीन (18), गुड़ीहाल पंचायत के मु. अबूसालेह (27) के अलावा आसजा मवैया पंचायत की आनमेरुण बेगम (25) शामिल हैं। हालांकि, अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार ने चार की मौत की ही पुष्टि की है। 

हरिणतोड़ पंचायत के माला गांव निवासी शंकुतला देवी, विशाल महलदार एवं सविता देवी गांव के पास ही मक्का खेत में काम कर रहे थे। बारिश से बचने के लिए तीनों पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान वज्रपात से शंकुतला देवी एवं विशाल महलदार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सविता देवी बुरी तरह झुलस गईं। वहीं, हरिणतोड़ पंचायत के ही मझुआ गांव की नाजीत परवीन खेत में काम करते वक्त वज्रपात की चपेट में आ गई। चोपड़ा पंचायत के सड़कटोला गुड़ीहाल गांव के अबूसालेह एवं आसजा मवैया पंचायत की बड़ा रहुआ निवासी आनमेरुण बेगम मवेशी चरा रहे थे। वज्रपात से इनकी भी मौत हो गई। शकुंतला और विशाल को छोड़कर बाकी मृतकों के स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। 

उधर, वज्रपात से पूर्णिया में पांच लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मृतक के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान दिया जाए।

chat bot
आपका साथी