मोदी पीएम बनेंगे तो कायम होगा दलितों का राज : पासवान

By Edited By: Publish:Wed, 02 Apr 2014 11:44 PM (IST) Updated:Wed, 02 Apr 2014 11:44 PM (IST)
मोदी पीएम बनेंगे तो कायम होगा दलितों का राज : पासवान

जागरण संवाददाता, भागलपुर : राजग नेता और लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो दलितों व अकलियतों का राज कायम होगा। बिहार में एनडीए सभी 40 सीटों पर जीतेगा। पासवान ने भागलपुर से भाजपा प्रत्याशी को दो से ढाई लाख मतों से जिताने की अपील की।

पासवान बुधवार को लाजपत पार्क में भाजपा प्रत्याशी शाहनवाज हुसैन के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनडीए के पक्ष में सभी जाति एकजुट हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के संदर्भ में कहा कि कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी सभाओं में न तो राजद प्रत्याशियों के नाम लिए न ही उन्हें बुलाया। फिर भी लालू उनके दोस्त बने हुए हैं।

पासवान ने कहा कि देश में नमो की आंधी चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि गोधरा में दंगा हुआ तो वे रेल मंत्री थे। लेकिन इस्तीफा नहीं दिया। अब गरीब, दलितों व अकलियतों के आंसू पोछने चले हैं। उन्होंने विकास के चक्के को आगे बढ़ने देने की अपील भी की।

इस दौरान पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि लालू कहते हैं कि आडवाणी के रथ को रोका अब मोदी को रोकूंगा। इस पर सुशील ने कहा कि आडवाणी के रथ को रोकने के बाद वे नंबर चार पर चले गए थे। अब अगर यह गलती दोहराई गई तो शून्य पर चले जाएंगे। मोदी ने कहा कि नमो की आंधी को कोई नहीं रोक सकता। अटल की सभा में जहां एक लाख की भीड़ जुटती थी वहीं नमो की सभा में दो लाख की भीड़ जुट रही है। उन्होंने दावा किया कि भागलपुर में भी मोदी की सभा होगी।

सुमो ने माना कि देश को मजबूत पीएम की जरूरत है जो महंगाई को रोक सके। देश की सीमा को सुरक्षित रख सके। नीतीश का नाम लिए बगैर उन पर प्रहार करते हुए सुशील ने कहा कि हमने क्या गुनाह किया कि 17 साल की दोस्ती तोड़कर हमें बर्खास्त कर दिया गया। अटल जी ने उन्हें रेल मंत्री बनाया तो भाजपा के सहयोग से ही वे सीएम बने। गठबंधन के बाद आठ महीनों में ही बिहार की हालत खराब हो गई। सुशील ने दावा किया कि नमो पीएम बने तो दंगा मुक्त भारत बनाएंगे। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाएंगे। बेरोजगारों को रोजगार देंगे। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राजीव प्रताप रूडी ने भोजपुरी में कहा कि हमें सभी वर्गों के वोट चाहिए। शाहनवाज अब फल देने वाला वृक्ष बन गया है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सीपी ठाकुर ने कहा कि देश में मोदी की हवा चल रही है।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश का मकसद मुझे हराना है। मगर मुझे जिलेवासियों पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि मैं भागलपुर के लोगों की सेवा करूंगा। सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने नहीं दूंगा।

पूर्व डीएम डॉ. गोरेलाल यादव ने अपने कार्यकाल में किए कार्यो के बदले भाजपा के लिए मेहनताना मांगा। सभा को सांसद कैप्टन जयनारायण निषाद, पुतुल देवी और निशिकांत दुबे ने भी संबोधित किया। सभा में मौजूद विधायकों प्रेम रंजन पटेल, चंद्रमुखी देवी, इंजीनियर शैलेंद्र, विनोद नारायण झा, सूरजनंदन मेहता व भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता छैला बिहारी ने भी भाषण दिए।

chat bot
आपका साथी