भाकपा के राज्य सचिव की पोती का अपहरण

- घर के सामने से अचानक गायब हुई लड़की - पुलिस दबिश से अपराधियों ने चार घंटे में किया मुक्त बेगूसर

By Edited By: Publish:Fri, 31 Oct 2014 01:05 AM (IST) Updated:Fri, 31 Oct 2014 01:05 AM (IST)
भाकपा के राज्य सचिव की पोती का अपहरण

- घर के सामने से अचानक गायब हुई लड़की

- पुलिस दबिश से अपराधियों ने चार घंटे में किया मुक्त

बेगूसराय सदर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव सह पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह की सात वर्षीय पोती का अज्ञात अपराधियों ने बुधवार को अपहरण कर लिया। परंतु, पुलिस दबिश के कारण चार घंटे बाद बच्ची गांव के नजदीक एक बगीचा से बरामद हो गई।

जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह तेघड़ा थाना क्षेत्र के नयानगर निवासी भाकपा नेता राजेंद्र सिंह की पोती व राजदीप कुमार की सात वर्षीय बेटी साक्षी उर्फ सिम्पी छठ पूजा को ले गांव से एक महिला को बुलाने गई। घर वाले पूजा पाठ में लग गये। वहां से आने के बाद वह खेलने के लिए घर से बाहर निकली। इसी बीच अपराधियों ने मौके का फायदा उठाते हुए बच्ची का अपहरण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार झा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरु की। परंतु, इसकी खबर आग की तरह पूरे जिला में फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों भाकपा कार्यकर्ता वहां जमा हो गये। धीरे-धीरे कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा था, इसी बीच एसपी मनोज कुमार व तेघड़ा डीएसपी मो. अब्दुल्लाह श्वान दस्ते के साथ घटना स्थल पहुंचे। और खुद से मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी। इधर, पुलिस दबिश को देखते हुए अपराधी बच्ची को गांव के नजदीक एक बगीचा में छोड़ फरार हो गये। फिलहाल बच्ची बोलने की स्थिति में नहीं है, जिसके कारण पुलिस को कुछ भी सुराग हाथ नहीं लग सका है।

कहते हैं भाकपा राज्य सचिव राजेंद्र सिंह

भाकपा के राज्य सचिव राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह बाहर थे। घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार को घर पहुंचे हैं। हमारी किसी से ऐसी दुश्मनी नहीं है कि बच्ची का अपहरण कर लिया जाए। पुलिस की सतर्कता से उनके परिवार की खुशियां लौटी है।

बोले, एसपी मनोज कुमार

पुलिस ने बच्ची को बरामद कर लिया है। फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है कि बच्ची का अपहरण हुआ था या फिर किसी बच्चे ने उसे कुछ खिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई थी। फिलहाल पुलिस मामले के दोनों पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

chat bot
आपका साथी