बीहट से बखरी तक अग्निदेव ने मचाया कहर

By Edited By: Publish:Tue, 22 Apr 2014 07:16 PM (IST) Updated:Tue, 22 Apr 2014 07:16 PM (IST)
बीहट से बखरी तक अग्निदेव ने मचाया कहर

जेएनएन, बेगूसराय : अग्निदेव का प्रकोप जारी है। मंगलवार को जिला के अलग-अलग जगहों पर घटी अगलगी की घटनाओं में कई घर सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। पछुआ पवन ने आग में घी का काम किया।

बछवाड़ा प्रखंड के कादराबाद पंचायत स्थित हादीपुर गांव के वार्ड संख्या- दस में मंगलवार की दोपहर एक चूल्हे से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते आधा दर्जन घरों को जलाकर राख कर डाला। लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के समय उक्त वार्ड के अधिकांश लोग खेत-खलिहान गए हुए थे। बाद में हो-हल्ला सुनकर ग्रामीण एकत्रित हुए और आग पर काबू पाया। पीडि़तों में दीपक पासवान, रामधनी पासवान, सुलो पासवान, घूरन पासवान, सरह पासवान, मंटून पासवान शामिल हैं। मालूम हो कि अग्निशमन वाहन के पहुंचने से पूर्व ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। सीओ रघुवंश कुमार, थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना स्थल का जायजा लिया। सीओ ने बताया कि पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी।

बीहट प्रतिनिधि के अनुसार अगलगी की एक घटना में एफसीआइ ओपी क्षेत्र अंतर्गत बीहट जागीर टोला निवासी रामसागर सिंह, विनोद सिंह, सुबोध सिंह का खपरैल मकान जलकर राख हो गया। अग्निशमन वाहन और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। वहीं बरौनी प्रखंड अंतर्गत केशावे गांव के वार्ड नंबर- 15 में रामपदारथ सिंह का चार खपड़ा व तीन फूस का घरमंगलवार की दोपहर आग लगने से जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी, कि, देखते ही देखते घर में रखे साठ मन गेहूं समेत जेवरात, कपड़ा, बर्तन आदि जलकर राख हो गया। दो मवेशी भी जलकर मर गई।

इधर, सूचना पाकर काफी देर बाद बरौनी रिफाइनरी व बरौनी से अग्निशमन वाहन घटना स्थल पर पहुंचा। केशावे मुखिया विमल कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि, अगर अग्निशमन वाहन समय पर पहुंचता तो क्षति को कम किया जा सकता था।

बलिया प्रतिनिधि के अनुसार साहेबपुर थाना क्षेत्र के पंचवीर में मंगलवार को आग लगने से मो. शमीम का घर जलकर राख हो गया। घर में रखे कपड़ा, अनाज, बर्तन, नकदी सहित हजारों रुपये के सामान जल गए। वहीं एक बकरी भी झुलस कर मर गई। अग्निशमन वाहन व स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

बखरी प्रतिनिधि के अनुसार बखरी पूर्वी पंचायत के सुग्गा गांव के चकबनबार मोहल्ले में आग लगने से रामस्वरूप यादव का फूस का घर जलकर राख हो गया। ग्रामीणों एवं अग्निशमन दस्ते के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। घटना की पुष्टि बखरी पूर्वी पंचायत के मुखिया किरण यादव ने की है।

chat bot
आपका साथी