बांका में आठ करोड़ की राशि से ध्वस्त पुल -पुलिया का होगा निर्माण

By Edited By: Publish:Sun, 24 Aug 2014 02:15 AM (IST) Updated:Sun, 24 Aug 2014 02:15 AM (IST)
बांका में आठ करोड़ की राशि से ध्वस्त पुल -पुलिया का होगा निर्माण

जागरण संवाददाता, बांका : बांका की लगभग डेढ़ दर्जन पुल-पुलिया ध्वस्त होने के बाद विभाग सकते में आ गया है। लगभग आठ करोड़ की राशि से ध्वस्त सभी डेढ़ दर्जन पुल-पुलिया का निर्माण करने की योजना बनायी है। इसके लिए प्राक्कलन बनना शुरू हो गया है। केवल परसबन्नी पुलिया के निर्माण पर लगभग 1.25 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। वहीं महुआडीह पर 60 लाख खर्च होगा।

जानकारी के अनुसार बांका पथ प्रमंडल के करीब एक दर्जन व धोरैया पथ प्रमंडल के करीब आधा दर्जन पुलिया के निर्माण को लेकर विभाग ने सरकार को रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में कहा है कि भारी वाहनों के आवागमन से पुल-पुलिया ध्वस्त हो गई है। कई पुलिया पर तो बैरियर लगाकर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। बांका-अमरपुर के बीच परसबन्नी, बांका-शंभुगंज के बीच जोगनी, बांका-बेलहर मार्ग के रामसरैया, पुनसिया-धोरैया मार्ग पर विजयहाट एवं बेलहर-झाझा मार्ग के बसमत्ता आदि पुलिया ध्वस्त होने से बांका टापू में परिवर्तित हो गया है। स्थिति को लेकर 30 अगस्त को पटना में बैठक होगी। पथ प्रमंडल बांका के कार्यपालक अभियंता विनय सिंह व धारैया के सिद्देश्वर कुमार ने बताया कि भारी वाहनों के परिचालन से पुलिया ही नहीं बल्कि सड़क भी बर्बाद हो रही है। विभाग सहित सरकार को इसकी रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। प्राक्कलन बनाया जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी