'मैडम' की अकूत संपत्ति पर बांका वासी चकित

By Edited By: Publish:Sat, 13 Jul 2013 10:32 PM (IST) Updated:Sat, 13 Jul 2013 10:33 PM (IST)
'मैडम' की अकूत संपत्ति पर बांका वासी चकित

हमारे प्रतिनिधि, बांका : भू अर्जन पदाधिकारी जयश्री ठाकुर की अकूत संपत्ति का ब्यौरा जान कर बांका के लोग भौंचक रह गए। आर्थिक अपराध इकाई द्वारा उनके ठिकानों पर की गई कार्रवाई की खबर के बाद शनिवार को दिन भर हर जगह लोग यही चर्चा करते दिखे। खास कर समाहरणालय में दिन भर हर अधिकारी व कर्मचारी इसी की बात करते दिखे। मगर कोई कुछ भी बोलने से साफ इंकार कर गया। वैसे लंबे दिनों तक कार्यालय में जमे कुछ कर्मियों ने बताया कि संपत्ति की यह जानकारी अब भी वास्तविकता से कम है। वे लोग मैडम को लंबे समय से जान रहे हैं। पिछले साल उनके कार्यालय में निगरानी की छापामारी में अमीन सह कानूनगो को साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक राशि के साथ दबोचा गया था। तब ही लोगों को उम्मीद थी, इसकी जांच मैडम जयश्री ठाकुर तक भी पहुंचेगी। लेकिन, कुछ दिन निकल जाने के बाद सबको लगा कि अब मैडम साफ बच निकली हैं। तब सुल्तानगंज-देवघर रेललाइन के लिए बांका आसपास में जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा था। बताया जाता है कि इस अधिग्रहण में अधिकारी और कर्मियों ने घूस के पैसे से अकूत संपत्ति जमा की है। यही कारण है कि मैडम प्रोन्नति के साथ भागलपुर स्थानांतरण होने के बाद भी बांका का लोभ नहीं छोड़ पा रही थीं। भागलपुर में एडीएम का प्रभार लेने के बाद भी वह बांका में भू अर्जन पदाधिकारी पद का काम कर रही थीं। इसका प्रभार अब भी उनके पास ही है। बहरहाल, आर्थिक अपराध इकाई की इतनी बड़ी कार्रवाई से प्रशासनिक महकमा सकते में है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी