विनाश का मॉडल बना रहे नीतीश : जावड़ेकर

औरंगाबाद । सांसद सुशील कुमार सिंह के आवास पर शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कें

By Edited By: Publish:Fri, 21 Aug 2015 05:10 PM (IST) Updated:Fri, 21 Aug 2015 05:10 PM (IST)
विनाश का मॉडल बना रहे नीतीश : जावड़ेकर

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : सांसद सुशील कुमार सिंह के आवास पर शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विनाश का माडल तैयार कर रहे हैं। जदयू, राजद एवं कांग्रेस ने बिहार को बर्बाद कर दिया। कुटकु डैम में फाटक नहीं लगा जिस कारण औरंगाबाद, गया, जहानाबाद एवं अरवल जिले के किसान बेचैन हैं। डैम में फाटक लगता तो प्रत्येक वर्ष 5 लाख बीघा जमीन का पटवन होता। किसानों के घर में खुशहाली होती। मंत्री ने कहा कि 1980 में बांध बनकर तैयार हुआ, तब केंद्र एवं राज्य में कांग्रेस की शासन थी। 13 वर्षो तक डैम के गेट में फाटक नहीं लगा। 1993 में वन एवं पर्यावरण विभाग ने रोक लगा दी, तब केंद्र में कांग्रेस एवं राज्य में लालू प्रसाद का शासन था। डैम में गेट न लगने से किसानों को परेशानी हुई। जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, विकास के सकारात्मक सोच का माहौल तैयार हुआ है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विनाश का माडल बनाने में लगे हैं। जिसने बिहार को बर्बाद कर दिया उसी से गठबंधन कर रहे हैं। नीतीश को विकास से कोई मतलब नहीं है। इतनी बड़ी सिंचाई परियोजना के लिए सीएम ने न कभी पत्र लिखा और न ही बात की। राज्य को गरीब रखने का पाप इन्हीं तीनों दलों ने किया है। कुटकु डैम में गेट न लगाकर बिहार के विकास को रोकने का प्रयास है। कहा कि अगले वर्ष तक गेट लगाने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। सांसद सुशील कुमार सिंह को कुटकु डैम का मुद्दा उठाने के लिए बधाई दी। कहा कि हमारे सहयोगी मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, गया के सांसद हरि मांझी, चतरा के सुनील कुमार सिंह, जहानाबाद के अरुण कुमार एवं पलामू के सांसद बीडी राम ने समस्या के प्रति ध्यान आकृष्ट किया। मैंने बांध का निरीक्षण किया और इसमें जो पेंच फंसा है उसका निराकरण करेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह, सांसद के भाई सुनील सिंह, अश्रि्वनी सिंह, मुखिया मनीष कुमार, सुधीर सिंह उपस्थित रहे।

बिहार में होगी एनडीए की जीत : मंत्री

औरंगाबाद : केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत होगी। दो तिहाई बहुमत से राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। बिहार की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। विकास के मोर्चे पर नीतीश सरकार फेल रही है। विकास के नाम पर सिर्फ नौटंकी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार का चहुमुखी विकास चाहते हैं। उन्होंने विकास के लिए 1 लाख 25 हजार करोड़ पैकेज की घोषणा की है जिस पर नीतीश एवं लालू राजनीति कर रहे हैं। बिहार की जनता सब समझ रही है। विधानसभा चुनाव में जदयू, कांग्रेस एवं राजद गठबंधन की हार तय है। बिहार की जनता जातिवाद की राजनीति में नहीं फंसना चाहती है। विकास की भूख सभी क्षेत्रों में देखी जा रही है।

chat bot
आपका साथी