घटना-दुर्घटना में आठ की मौत, दस घायल

दशहरा पर्व के दौरान दो दिनों में हुई घटना-दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। दस के घायल होने की सूचना है जिसमें चार की हालत गंभीर बताई जाती है। मुफस्सिल

By JagranEdited By: Publish:Wed, 09 Oct 2019 05:51 PM (IST) Updated:Thu, 10 Oct 2019 06:29 AM (IST)
घटना-दुर्घटना में आठ की मौत, दस घायल
घटना-दुर्घटना में आठ की मौत, दस घायल

औरंगाबाद। दशहरा पर्व के दौरान दो दिनों में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटना में जहां आठ लोगों की मौत हो गई। वही दस के घायल होने की भी सूचना है। जिसमें चार की हालत गंभीर बताई जाती है। पहली घटना मुफस्सिल थाना के जीटी रोड एलआइसी कार्यालय के पास सोमवार को बाइक दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। मृतक बेबी देवी (28 वर्ष) रिसियप थाना के पुनावार गांव निवासी दिलीप कुमार की पत्नी थी। महिला अपने मायके बारुण थाना मुख्यालय से पुत्री अंशु प्रिया का इलाज के लिए भाई दिनेश मेहता के साथ बाइक से औरंगाबाद आ रही थी, तभी ट्रक के ओवरटेक में बाइक असंतुलित होकर पलट गई। महिला ट्रक के चक्का के नीचे जा गिरी। ट्रक ने महिला को कुचल दिया। जबकि भाई एवं पुत्री घायल हो गए। महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। थानाध्यक्ष नित्यानंद झा ने बताया कि महिला की लाश का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के श्रीसीमेंट के पास औरंगाबाद-पटना पथ पर दो टेंपो के बीच हुई टक्कर में सात लोग घायल हो गए। घायल टेंपो चालक जम्होर थाना के चित्रगोपी गांव निवासी पिटू प्रजापति, कुरम्हा के दिनेश कुमार की पत्नी अनिता देवी, ओबरा के अंबुज कुमार, शिवम कुमार, दूसरे टेंपो पर सवार दाउदनगर थाना मुख्याललय निवासी अनिल कुमार, विश्वनाथ प्रसाद एवं हरिओम कुमार का इलाज सदर अस्पताल में किया गया। गंभीर रूप से घायल पिटू, अनिता, अंबुज एवं शिवम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया है। वहीं मंगलवार को बारुण-नवीनगर मुख्य पथ के एनटीपीसी खैरा थाना के एनटीपीसी दो नंबर गेट के पास दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक प्रियरंजन उर्फ सोनू कुमार (19 वर्ष) बड़ेम थाना के कंकेर गांव का निवासी था। बताया जाता है कि प्रियरंजन अपने दो अन्य साथी रोशन कुमार एवं विवेक कुमार के साथ बीआरबीसीएल में रावण दहन कार्यक्रम में सम्मिलित होने जा रहा था तभी यह घटना हुई। इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि युवक की शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। विद्युत करंट से दो किसान की मौत

औरंगाबाद : कुटुंबा थाना के करमडीह गांव में सरयू प्रसाद सिंह (55 वर्ष) की मौत करंट लगने से हो गई। बताया जाता है कि सरयू लोहे के कठौती में खाद लेकर खेत में छिटने गए थे तभी मोटर तार के चपेट में आ गए। दोपहर तक जब घर वापस नहीं लौटे तो परिजन एवं ग्रामीण खोजने लगे। आसपास के गांवों में खोजा। अंत में ग्रामीणों ने खेत में शव को पाया। घटना की सूचना कुटुंबा थाना को दी गई। थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। वहीं उपहारा थाना के बैजलपुर गांव निवासी किसान प्रमोद शर्मा (53 वर्ष) की मौत हो गई। बताया जाता है कि प्रमोद खेत में सिचाई कार्य के लिए गए थे तभी मोटर में करंट लग गया। प्रमोद चिल्लाते हुए जमीन पर गिर गए। ग्रामीणों ने दौड़कर का विद्युत कनेक्शन काटा। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अजय शंकर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। बटाने नदी से युवक का शव बरामद

औरंगाबाद : बारुण थाना के काश गांव के पास बटाने नदी से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान अब तक नहीं की जा सकी है। थानाध्यक्ष रंजय कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली थी कि नदी तट पर एक युवक का शव है। उसे बरामद कर पोस्टमार्टम कराया गया है। अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए शव को 72 घंटे थाना में रखा गया है। नदी में डूबकर वृद्ध की मौत

औरंगाबाद : कुटुंबा थाना के पिपराबगाही गांव निवासी वृद्ध लखन राम (65 वर्ष) की मौत बतरे नदी में डूबने से मंगलवार को हो गई। बताया जाता है कि लखन नदी में स्नान करने गए थे तभी डूब गए। सूर्य मंदिर पर तैनात चौकीदार ने जब देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।

chat bot
आपका साथी