ओबरा में अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

सड़क के दोनों किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों पर शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर चला।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 10:21 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 10:21 PM (IST)
ओबरा में अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर
ओबरा में अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

ओबरा (औरंगाबाद)। सड़क के दोनों किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों पर शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। बाजार के थाना मोड़ से लेकर उच्च विद्यालय तक अस्थाई रूप से जमे अतिक्रमणकारियों को हटाया गया। सीओ व थानाध्यक्ष के नेतृत्व में अभियान चला।

सीओ कुमारी अनुकंपा व थानाध्यक्ष ने कहा कि अतिक्रमण के चलते बाजार में जाम की समस्या बढ़ गई थी। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जो लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अतिक्रमण हटाने को लेकर दो दिन पूर्व सीओ ने अल्टीमेटम दिया था। उसके बाद भी अतिक्रमणकारियों ने अपनी-अपनी दुकानें नहीं हटाई। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सीओ ने सभी फुटपाथी दुकानदारों को चेतावनी दी है कि अगर दोबारा सड़क पर काबिज हुए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हसपुरा में भी हटाया गया कब्जा: दुकानदारों द्वारा प्रखंड मुख्यालय की सड़कों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को सीओ सुमन कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष धनंजय सिंह दल बल के साथ हसपुरा बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। बैंक, ब्लॉक, पटेल चौक, मुख्य बाजार में चलकर सड़क पर चल रहे दुकानों को हटवाया। अतिक्रमण हटाए जाने से बाजार में हड़कंप मच गया। शाम तक लोग अपनी गुमटी, झुग्गी को हटाने के लिए कार्य करते देखे गए। सीओ ने लाउडस्पीकर के माध्यम से कहा कि अतिक्रमण के कारण आम जनता को आने जाने में बाधा उत्पन्न हो रही है। बताया जाता है कि पूरे बाजार में फुटपाथी दुकानों के कारण सड़क संकीर्ण हो गई है। ऐसे में एक तरफ से दूसरे तरफ लोगों को जाने में घंटों समय लगता व वाहन पार्किंग में भी परेशानी होती है।

chat bot
आपका साथी