BMW ने चेन्नई प्लांट में शुरू किया नई जनरेशन X3 का प्रोडक्शन, ऑडी Q5 को देगी टक्कर

BMW ने भारत में चेन्नई स्थित प्लांट में अपनी नई जनरेशन X3 की मैन्युफैक्चरिंग शुरू कर दी है

By Ankit DubeyEdited By: Publish:Wed, 28 Mar 2018 10:54 AM (IST) Updated:Wed, 28 Mar 2018 10:55 AM (IST)
BMW ने चेन्नई प्लांट में शुरू किया नई जनरेशन X3 का प्रोडक्शन, ऑडी Q5 को देगी टक्कर
BMW ने चेन्नई प्लांट में शुरू किया नई जनरेशन X3 का प्रोडक्शन, ऑडी Q5 को देगी टक्कर

नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW ने भारत में चेन्नई स्थित प्लांट में अपनी नई जनरेशन X3 की मैन्युफैक्चरिंग शुरू कर दी है। कंपनी इस एसयूवी को 19 अप्रैल, 2018 को लॉन्च करने जा रही है। वैश्विक स्तर पर X3 कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV में से एक है। पिछले 14 वर्षों में कंपनी ने दुनियाभर में इसकी 15 लाख यूनिट्स से ज्यादा की बिक्री कर दी है। इस सबसे पहले 2003 में लॉन्च किया गया था। भारत में भी इस कार को काफी प्रतिक्रियाएं मिली हैं और इस कार को वह लोग ज्यादा खरीद रहे हैं जो 5 सीरीज सेडान में बेहतर एसयूवी का विकल्प ढूंढ रहे हैं।

फीचर्स और पावर स्पेसिफिकेशन्स:

BMW नई X3 सिर्फ डीजल ट्रिम में उतारी जाएगी। इसका xDrive20d 188bhp की पावर देगा। वहीं, ज्यादा पावरफुल xDrive30d वेरिएंट 262bhp की पावर देगा। सभी इंजन 8-स्पीड स्टेपट्रॉनिक ट्रांसमिशन से लैस हैं। कंपनी ने नई X3 में कई बदलाव किए हैं और इसे पहले से ज्यादा आक्रामक लुक दिया है। कार का हैडलैंप और ग्रिल एक दूसरे से अलग हैं और इसमें X5 और नई 5 सीरीज जैसा डिजाइन दिया है। पुराने जनरेशन के मुकाबले कार का ग्रिल पहले से बड़ा दिया है। इसके अलावा कार में नए बंपर के साथ ज्यादा एयर इनटेक्स और LED हेक्सागोनल फॉग लैंप्स दिया गए हैं। नई X3 में फुल LED हेडलैंप्स और फॉग लैंप्स के साथ फुल LED 3D लैंप्स दिए गए हैं। इसके साथ ही इसके स्टैंडर्ड वेरिएंट में 18 इंच का व्हील साइज और टॉप मॉडल में 21 इंच का व्हील साइज दिया जाएगा।

इंटीरियर में नए केबिन के साथ नया डिजाइन भी दिया जाएगा। नई X3 के डेशबोर्ड में इनबिल्ट स्क्रीन दी जाएगी और इसमें गेस्चर कंट्रोल भी शामिल किया जाएगा। इंफोटेनमेंट में फीचर्स के तौर पर एप्पल कारप्ले और एंडायड ऑटो को स्टैंडर्ड रखा जाएगा। हालांकि, नई X3 में इंफोटेनमेंट के गेस्टर कंट्रोल को ऑप्शनल रखा जाएगा। नई X3 में फ्रंट और रियर पैसेंजर के बैठने के लिए ज्यादा स्पेस दिया जाएगा और इसके बूट स्पेस को भी बढ़ाया जाएगा। ज्यादा इंटीरियर स्पेस के तौर पर इसमें 2.2 इंच बड़े व्हीलबेस दिए जाएंगे।

ऑडी Q5 से होगा मुकाबला:

नई BMW X3 का मुकाबला ऑडी Q5 से होगा। लग्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी ने भारत में अपनी नई Q5 को लॉन्च किया है। कंपनी ने इसकी कीमत 53.25 लाख रुपये रखी है। नई Q5 में 2.0 लीटर का डीजल इंजन लगा है, जो 190PS की पावर और 400NM का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 7-स्पीड ड्यूल-क्लच गियरबॉक्स के साथ है। Q5 की टॉप स्पीड 218kmph है और 0 से 100kmph की रफ्तार पकड़ने के लिए इसे 7.1 सेकेंड का समय लगता है। बात माइलेज की करें तो नई Q5 एक लीटर में 17.01 km की माइलेज देती है। 

chat bot
आपका साथी