थाली में तीखापन बढ़ाने वाली लाल मिर्च आखिर आती कहां से है? ये है भारत का वो शहर जहां लगती है सबसे बड़ी मंडी
आंध्र प्रदेश का गुंटूर शहर भारत की 'चिली कैपिटल' कहलाता है, जहां एशिया का सबसे बड़ा सूखी लाल मिर्च का बाजार है।

भारत की चिली कैपिटल गुंटूर (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जिन लोगों को चटपटा खाना पसंद है, उनकी थाली में तीखा जरूर शामिल होता है। हम बड़ी ही आसानी से बाजार से खाने में तीखापन बढ़ाने के लिए एक लाल मिर्च का पैकेट खरीदकर ले आते हैं, पर कभी सोचा है कि आखिर यह तीखी लाल मिर्च बाजारों तक आती कहां से है? अगर नहीं तो आइए आपको आज भारत की चिली कैपिटल के बारे में विस्तार से बताते हैं।
कौन सा शहर कहलाता है भारत का चिली कैपिटल?
आपको शायद पता न हो पर दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश के गुंटूर शहर ‘चिली कैपिटल ऑफ इंडिया’ कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस शहर में बेहद ही स्वादिष्ट और खास किस्म की मिर्चों की खेती होती है। अब जब यह मिर्च हमारी थाली तक इतनी लंबी यात्रा करके पहुंचती है, तो वाजिब है कि इसका हमारे देश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान होगा। इसी वजह से सिर्फ भारत में ही नहीं देश-दुनिया में भी यहां की तीखी मिर्च का निर्यात किया जाता है।
एशिया का सबसे बड़ा सूखी लाल मिर्च का बाजार
इसी गुंटूर शहर में एक 'गुंटूर मिर्ची यार्ड' नाम से मंडी है, जो करीब 50 एकड़ से भी ज्यादा के एरिया में फैली हुई है। यहीं से देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लाल मिर्च पहुंचती है। इतना ही नहीं, इसी मंडी से नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर कीमतों को भी तय किया जाता है।
पोषक तत्वों से है भरपूर
गुंटूर की तीखी मिर्च की एक और खास बात है कि इसमें कैप्साइसिन के साथ ही आयरन, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे जरूरी खनिज भी पाए जाते हैं। अब जब कैप्साइसिन की मात्रा ज्यादा है, तो आप इसके तीखेपन का अंदाजा लगा सकते हैं। इस मिर्च में पोषक तत्व पाए जाने की एक बड़ी वजह 'काली कपास मिट्टी' है।
लाल मिर्च की किस्म 'गुंटूर सन्नम' बेहद खास
अगर आप कभी किसी लाल मिर्च का नाम S4 सुनें तो चौंकिएगा नहीं क्योंकि यह गुंटूर की सबसे खास किस्म है। इसे वहां 'गुंटूर सन्नम' के नाम से भी जाना जाता है, जिसमें सन्नम एक तेलुगु शब्द है, इसका मतलब पतला या लंबा होता है। जबकि S4 इस मिर्च के निर्यात के लिए ट्रेड ग्रेड नाम है। भारत सरकार की तरफ से इस लाल मिर्च को जीआई टैग भी मिला हुआ है।
