यूरोप में स्लोवेनिया बना पहला कोरोना-मुक्त देश, जानें- किन उपायों से मिली यह सफलता
इसके साथ सरकार ने यह भी घोषणा की है कि यूरोपीय संघ से आने वाले किसी व्यक्ति को क्वारंटाइन नहीं किया जाएगा।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना वायरस महामारी के बीच यूरोपीय देश स्लोवेनिया से खुशखबरी आ रही है। लंबे समय तक कोरोना वायरस से जूझने के बाद स्लोवेनिया कोरोना मुक्त देश बन गया है। इस बात की जानकारी सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक घोषणा से हुई है, जिसमें बताया गया है कि स्लोवेनिया ने कोरोना को पूरी तरह से परास्त कर दिया है।
इस कदम से व्यापार के मार्ग भी खुल गए हैं
स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री जनेज जंसा (Janez Jansa) ने और जानकारी देते हुए कहा कि देश में पिछले दो सप्ताह से रोजाना सात से कम लोगों में कोरोना के संक्रमण पाए गए हैं। आज स्लोवेनिया में बेहतर हालात हैं और लोग चैन की सांस ले रहे हैं। अगले सप्ताह यानी 23 मई से होटल्स, मॉल्स, रेस्त्रां आदि भी खोल दिए जाएंगे। सरकार द्वारा घोषणा के बाद स्लोवेनिया की सभी सीमाओं को अन्य देशों के लिए खोल दिया गया है। स्लोवेनिया की सीमाएं क्रोएशिया, ऑस्ट्रिया, इटली और हंगरी से लगती हैं। इस कदम से व्यापार के मार्ग भी खुल गए हैं।
इसके साथ सरकार ने यह भी घोषणा की है कि यूरोपीय संघ से आने वाले किसी व्यक्ति को क्वारंटाइन नहीं किया जाएगा। इससे पहले यूरोपीय संघ से आने वाले व्यक्ति को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन का प्रावधान था। इस घोषणा में कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति को देश में प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी है।
हालांकि, सरकार ने देश के लोगों को अभी भी विश्व स्वास्थ्य संगठन के एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है, इनमें मास्क पहनना, हैंडवाश करना और 5 फुट की सोशल डिस्टेंस यानी सामाजिक दूरी का पालन करना मुख्य है।
इस देश की कुल आबादी बीस लाख है
गौरतलब है कि स्लोवेनिया में 4 मार्च को कोरोना वायरस महामारी का पहला केस दर्ज किया गया था। इसके बाद 12 मई को स्लोवेनिया में लॉकडाउन की घोषणा की गई। इस देश की कुल आबादी बीस लाख है। स्लोवेनिया में कोरोना वायरस से 1466 लोग संक्रमित पाए गए थे, जिनमें 273 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि 104 लोगों की मौत हो चुकी है। बाकियों का इलाज चल रहा है।