₹20-50 बचाने के चक्कर में IRCTC की जगह अनजान वेंडर से मंगा रहे खाना? जरूर जान लें ये बातें, वरना होगी परेशानी
ट्रेन में सस्ते खाने के चक्कर में अनधिकृत वेंडरों से ऑर्डर करना आपकी यात्रा को मुश्किल में डाल सकता है। आइए जानते हैं कैसे।

ट्रेन में खाना मंगाने के लिए IRCTC बेहतर या अनजान वेंडर? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ट्रेन का सफर कई लोग पसंद करते हैं। इस दौरान जब पैसे बचाने की बात आती है, तो हम अक्सर कोई न कोई जुगाड़ भी लगा ही लेते हैं। जी हां, स्टेशनों पर या ट्रेन के अंदर कुछ अनधिकृत वेंडर्स हमें आधिकारिक प्लेटफॉर्म से 20 या 50 रुपये सस्ता खाना ऑफर करते हैं।
भले ही, पहली नजर में आपको यह एक स्मार्ट डील लगती हो, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि मेन्यू पर दिखने वाले इस 'सस्ते' दाम के पीछे आपको कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है? आइए आसान शब्दों में समझते हैं कि ट्रेन में बिना किसी पक्के सिस्टम के खाना मंगाना आपकी ट्रिप का मजा कैसे किरकिरा कर सकता है।
सस्ते के चक्कर में छिपी हैं कई मुसीबतें
सस्ते खाने का असली गणित सिर्फ कीमत से तय नहीं होता। सोचिए, आपने सस्ता खाना तो बुक कर लिया, लेकिन अगर वो खाना आप तक पहुंचा ही नहीं, तो क्या होगा? ट्रेन में सफर के दौरान आपकी लोकेशन हर पल बदलती है। अगर खाना गलत आ जाए या उसका स्वाद बिल्कुल खराब हो, तो आपकी वो छोटी-सी बचत किसी काम की नहीं रहती।
किससे करेंगे शिकायत?
मान लीजिए आपका ऑर्डर ट्रेन छूटने के बाद स्टेशन पर पहुंचता है, या खाने में कोई दिक्कत है। ऐसे में एक अनधिकृत वेंडर के मामले में आप किससे शिकायत करेंगे? आपके पास न तो कोई कस्टमर सपोर्ट होता है और न ही रिफंड मांगने का कोई सीधा तरीका। सिर्फ एक फोन नंबर या पेमेंट स्क्रीनशॉट के भरोसे अपनी परेशानी सुलझाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
आपके पैसों का रिस्क
जब आप किसी अनजाने वेंडर को सीधे पैसे ट्रांसफर करते हैं, तो उस लेन-देन का कोई पक्का रिकॉर्ड या बिल नहीं बनता। अगर कोई गड़बड़ी हो जाए, तो बिना किसी सही चेकआउट प्रोसेस के अपने पैसे वापस पाना लगभग नामुमकिन हो जाता है।
साफ-सफाई और क्वालिटी का क्या?
बाहर से चमकती और साफ-सुथरी दिखने वाली पैकिंग यह नहीं बताती कि खाना कितनी साफ-सफाई से बना है। वह कब पकाया गया था, उसे किस तापमान पर रखा गया और खाना बनाने वाले ने हाइजीन का ध्यान रखा या नहीं, ये बातें अनधिकृत वेंडर्स के मामले में एक रहस्य ही रहती हैं। सफर में खराब खाना आपकी सेहत भी बिगाड़ सकता है।
भागती ट्रेन और डिलीवरी की टेंशन
घर पर खाना 15 मिनट लेट आए तो चल जाता है, लेकिन ट्रेन किसी का इंतजार नहीं करती। सही समय पर डिलीवरी के लिए ट्रेन के शेड्यूल, रेस्टोरेंट और डिलीवरी वाले के बीच पक्का तालमेल होना चाहिए। अनधिकृत वेंडर्स के पास इस तरह के मैनेजमेंट की कमी होती है, जिसके चलते अक्सर यात्री भूखे रह जाते हैं।
ट्रेन में गंदा खाना खाकर पछताने से बेहतर है ये रास्ता
इन सारी परेशानियों का एक सुरक्षित हल है IRCTC का ई-कैटरिंग इकोसिस्टम। जी हां, आप इनकी वेबसाइट या 'Food on Track' ऐप के जरिए अपना ऑर्डर कर सकते हैं। इसके कई फायदे भी हैं:
- जांचे-परखे रेस्टोरेंट: आपका खाना सिर्फ और सिर्फ वेरिफाइड रेस्टोरेंट से आता है।
- परफेक्ट टाइमिंग: आपके कोच और ट्रेन के टाइमटेबल के हिसाब से ऑर्डर की डिलीवरी मैनेज की जाती है।
- ग्राहकों के रिव्यू: आप दूसरे यात्रियों की रेटिंग देखकर अपने लिए सही खाना चुन सकते हैं।
- शिकायत पर सुनवाई: अगर खाने या डिलीवरी में कोई भी दिक्कत आती है, तो आपकी मदद और शिकायत के समाधान के लिए एक पूरी टीम मौजूद होती है।
सफर के दौरान कुछ रुपये बचाना अच्छी बात है, लेकिन इसकी कीमत आपको अपनी सुविधा, सुरक्षा और भूख से नहीं चुकानी चाहिए। अगर कुछ रुपये ज्यादा देकर आपको यह गारंटी मिलती है कि खाना सही समय पर, साफ-सुथरा और आपकी सीट पर पहुंचेगा, तो असली समझदारी उसी में है।
