जानें, कब से शुरू हो सकती है दुबई की यात्रा, मेहमानों के स्वागत की शुरू हैं तैयारियां
कोरोना वायरस महामारी से अब तक संयुक्त अरब अमीरात में 10 हजार से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 76 लोगों की मौत हो चुकी है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरी दुनिया में लॉकडाउन की स्थिति है। इससे आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। खासकर परिवहन क्षेत्र पर इसका बेहद बुरा असर पड़ा है। देश-विदेश की सभी सीमाएं बंद हैं। हालांकि, कई देशों में कोरोना वायरस महामारी में मामूली सुधार के बाद लॉकडाउन में ढील देने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में दुबई में भी मेहमानों के स्वागत की तैयारी शुरू कर दी गई है। ऐसी संभावना है कि जुलाई से दुबई के दरवाजे पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे।
दुबई के पर्यटन और वाणिज्य विभाग के महानिदेशक हेलाल अल मैरिज ने कहा कि पर्यटन के लिए दुबई के दरवाजे को खोलने की तैयारी चल रही है। इसके लिए यह जरूरी है कि वैश्विक स्तर पर किस तरह के हालात हैं। अगर स्थिति अनुकूल रही तो जुलाई में दुबई की सीमाओं को खोला जा सकता है। हालांकि, पूरी तरह से खोलने में सितंबर तक का समय लग सकता है।
दो बड़े जिलों से लॉकडाउन हटा दिया गया है
गौरतलब है कि संयुक्त अरब अमीरात अपने राजस्व सृजन के लिए पर्यटन, व्यापार और रिटेल पर निर्भर है। इस मद्देनजर रविवार को देश के दो बड़े व्यावसायिक आबादी वाले जिलों से लॉकडाउन को हटा दिया गया है। यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट ऑफ क्राइसिस एंड डिजास्टर मैनेजमेंट पिछले दो दिनों में दोनों जिलों में कोई नया केस नहीं आने के बाद लिया गया है। इस महामारी से अब तक संयुक्त अरब अमीरात में 10 हजार से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 76 लोगों की मौत हो चुकी है।
रेस्त्रां को भी खोलने की अनुमति दी गई है
इससे पहले शुक्रवार को दुबई के सभी रेस्त्रां और कॅफेस को खोलने की अनुमति दी गई थी, जिसमें 30% स्टाफ के साथ काम करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही शॉपिंग माल्स को रोटेशनल बेस खोलने की अनुमति मिली है। जबकि सिनेमा, मस्जिदों में नमाज अदा करने और प्लेग्राउंड को बंद ही रखा गया है।