जल्द शुरू हो सकती है दिल्ली मेट्रो सेवा, जानें- क्या होंगे नए नियम
MRC के मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए ग्राहक सुविधा कर्मचारियों को बहाल किया जाएगा।
दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। दिल्ली मेट्रो सेवा को बहाल करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इस बात की जानकारी राज्य के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने दी थी। उन्होंने कहा था कि फिलहाल दिल्ली मेट्रो रेल सेवाओं को फिर से शुरू करने की अधिकारिक अनुमति नहीं मिली है। जब भी ऐसा कोई निर्देश आता है, तो DMRC को तैयारियों के लिए कम से कम 2 दिन की जरूरत होगी। दिल्ली सरकार चाहती है कि मेट्रो ट्रेन सेवा जल्द शुरू हो।
स्टेशन पर टिकट बिक्री नहीं होगी
जबकि DMRC के मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए ग्राहक सुविधा कर्मचारियों को बहाल किया जाएगा। यात्रा की अनुमति केवल उन यात्रियों को दी जाएगी, जिनमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं होंगे। ई-टिकट भी केवल उन यात्रियों को दी जाएगी, जिनके मोबाइल में आरोग्य सेतु एप होगा और यात्री कोरोना संक्रमित न हो। दिल्ली मेट्रो के सभी यात्रियों को आरोग्य सेतु मोबाइल एप डाउनलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है।
खबर ऐसी भी है कि टिकट केवल ऑनलाइन मिलेगी और स्टेशन पर टिकट बिक्री नहीं होगी। साथ ही टोकन काउंटर भी बंद रखने का प्लान है। जबकि हाउसिंग स्टाफ को काम पर पहले से ही तैनात कर दिया गया है। साथ ही मेट्रो के सभी कर्मचारियों को काम पर लौटने के आदेश दिए गए हैं।
मेट्रो हर स्टेशन पर 30 सेकंड के लिए रुकेगी
हालांकि, केंद्र सरकार की तरफ से गाइडलाइंस जारी नहीं की गई हैं, लेकिन दिल्ली मेट्रो प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए दिल्ली मेट्रो ने नए नियम के तहत हर मेट्रो स्टेशन पर 30 सेकंड के लिए रुकेगी। जबकि मेट्रो के अंदर शारीरिक दूरी के लिए स्टीकर लगाए गए हैं। जो व्यक्ति मेट्रो में खड़े होकर यात्रा करेंगे, उन्हें शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। गौरतलब है कि रेल और हवाई सेवा को पहले ही शुरू कर दिया गया है।