विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दुनिया की इन बेहतरीन जगहों पर मिलेगा रियल एडवेंचर

By Pratibha Kumari Edited By:
Published: Mon, 02 Jan 2017 03:43 PM (IST)Updated: Mon, 02 Jan 2017 04:50 PM (IST)

एडवेंचर के कई कारनामे लोगों के रोंगटे खड़े कर देते हैं। अगर आप में भी ऐसा साहस है तो कुछ एडवेंचर एक्टिविटीज का प्लान बना सकते हैं...

दुनिया की इन बेहतरीन जगहों पर मिलेगा रियल एडवेंचर
दुनिया की इन बेहतरीन जगहों पर मिलेगा रियल एडवेंचर

एडवेंचर के शौकीनों के लिए न तो कोई महीना होता है और न कोई दिन। जब मन किया बैग पैक किया और निकल पड़े खतरों से खेलने। आप में भी जोखिम लेने का साहस है, तो एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए इनसे बेहतरीन जगहें दुनिया में आपको नहीं मिलेंगी...

जमीन पर एडवेंचर
माउंटेनियरिंग ऐंड हाइकिंग : सुंदरता, ऑप्शंस और च्वाइस के मामले में भारत और नेपाल का हिमालयी इलाके और न्यूजीलैंड का दक्षिणी आल्प्स पर्वत बेजोड़ हैं। तीव्र चढ़ाई और तीव्र ढलान दोनों का मजा हिमालय के अलावा दुनिया में शायद ही कहीं और देखने को मिले। लहरदार बर्फ पर अठखेलियां करनी हो, तो न्यूजीलैंड बेहतरीन है।

साइक्लिंग : यूं तो आप साइक्लिंग कहीं भी कर सकते हैं, लेकिन आयरलैंड और कनैडियन रॉकीज में साइक्लिंग करना अपने आप में काफी रोमांचक है। यहां पर नजारे तो ऐसे मिलेंगे कि बस आप सांस रोके एकटक निहारते ही रह जाएंगे।


डेजर्ट सफारी : मंगोलिया का गोबी डेजर्ट और चिली का अटकामा ये दोनों ऐसे डेजट्र्स हैं, जिन्हें आप जिंदगी भर नहीं भूल सकते।

माउंटेन रोड सफारी : अगर आप अपने फोर व्हीलर से एडवेंचर के शौकीन हैं, तो अपनी कार को देश में शिमला से किन्नौर, स्पीति और लाहौल होते हुए मनाली तक ले जाएं या फिर विदेश में कनाडा होते हुए अलास्का हाइवे पर जाएं। यहां आपको और आपकी कार दोनों को एडवेंचर का अहसास होगा।

रॉक क्लाइंबिंग : एडवेंचर का यह तरीका पूरी दुनिया में आम है। कहीं भी बस चट्टान हो, चढ़ाई करना शुरू। अगर इसका वाकई लुत्फ लेना हो तो अमेरिका के यॉसमिट और स्कॉटिश क्रेग्स जाएं।


बंजी जंपिंग : यूं तो भारत के ऋषिकेश में भी बंजी जंपिंग की सुविधा है, लेकिन जो बात न्यूजीलैंड के क्वींसलैंड और दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन के पास ब्लॉकरॉन्स रिवर ब्रिज से बंजी जंपिंग की है, वह पूरी दुनिया में और कहीं नहीं मिलेगी।

कैन्यनिंग : एक रस्सी के सहारे किसी झरने के पानी से होकर गुजरना या कभी-कभी बेहद ठंडे पानी में रस्सी के सहारे कूदना, इसी का नाम है कैन्यनिंग। इसके लिए स्विट्जरलैंड और मैक्सिको के कॉपर कैन्योन से बेहतर कुछ और नहीं है।

केविंग : अगर आप घुप्प अंधेरे में लंबा वक्त गुजार सकते हैं और कभी-कभी खो जाने के डर को जीत चुके हैं, तो गुफाओं की सैर करने का यह एडवेंचर आपके लिए ही है। न्यूजीलैंड के वेटोमो केव सिस्टम या वियतनाम का सॉन डूंग इसके लिए मशहूर हैं।

वाइल्ड लाइफ सैंक्चुअरी : जंगली जानवरों से सीधा आमना-सामना करना चाहते हैं, तो केन्या और बोत्सवाना के जंगलों में जाएं।

आसमान में दिखाएं साहस
स्काई डाइविंग : करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर प्लेन से बाहर खुले आसमान में कूदना बड़े साहस का काम होता है। इसके लिए किस जगह के आसमान में हों, यह बहुत जरूरी नहीं, फिर भी कैलिफोर्निया की डेथ वैली और जांबिया में विक्टोरिया फॉल्स के ऊपर स्काई डाइविंग आपको वाकई आसमानी लुत्फ का मजा देगी।


हॉट एयर बैलूनिंग : फ्रांस में महलों और बरगंडी के विनेयार्ड्स के ऊपर या फिर ऑस्ट्रिया में ऑल्प्स पर्वत के ऊपर खुले आसमान में गुब्बारे में घूमना आपके आसमानी अहसासों को पंख लगा देगा।

पैराग्लाइडिंग और हैंग-ग्लाइडिंग : इसमें कूदने के लिए एक क्लिफ और उसके बाद खुली हवा में परिंदों की तरह तैरते रहने के लिए थर्मल्स की जरूरत होती है। इसके लिए अमेरिका का उटा और इटैलियन डोलोमाइट्स के ऊपर से उड़ना बेहद रोमांचकारी होता है।

पानी में साहसिक खेल
सेलिंग : वर्जिन आइलैंड्स और यूनान के आइओनियन पैराडाइज में अच्छी हवा और समंदर दोनों मिल जाएंगे, जो आपके अहसास को और भी खुशनुमा बना देंगे।

व्हाइट वाटर रॉफ्टिंग : अगर आप फिट ऐंड एक्टिव हैं, तो कोस्टारिका के रियो जनरल या अमेरिका के ग्रैंड कैन्यॉन में रॉफ्टिंग का लुत्फ उठा सकते हैं।


कैनोइंग ऐंड कयाकिंग : अगर डोंगी चलाते हुए गहरी नदी में सैर करना चाहते हैं, तो कनाडा के नहन्नी नदी या कोर्सिका के जॉर्जेज नदी की गहराइयों में जाइए। यह अनुभव कभी भूल नहीं पाएंगे।

स्कूबा डाइविंग : ऑस्ट्रेलिया का ग्रेट बैरियर रीफ और मालदीव्स की कुछ जगहें इसके लिए पूरी दुनिया में बेहतरीन हैं। समंदर की गहराइयों में झांकने का इससे बेहतर तरीका कोई नहीं।

सर्फिंग : सबसे आखिर में सबसे मुश्किल, सबसे खतरनाक, लेकिन सबसे ज्यादा एडवेंचर्स स्पोर्ट्स सर्फिंग, समुद्र की लहरों पर चलना। इसके लिए बेहतरीन जगह है ब्राजील और हवाई आइलैंड्स।


जागरण फीचर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।