लॉकडाउन खत्म होने के बाद 4 मई से विमान सेवाएं हो सकती हैं शुरू, जानें क्या कहती हैं एयरलाइंस कंपनियां
इंडिगो एयरलाइंस भी दूसरे लॉकडाउन के खत्म होने के बाद अपनी उड़ान सेवाओं को शुरू करने की सोच रही है। इंडिगो कुछ अंतराष्ट्रीय सेवाओं को भी शुरू करने की योजना बना रही है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना वायरस महामारी से देश में आपातकाल जैसी स्थिति है। सरकार ने वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया है। इसी बीच एयरलाइंस कंपनियों ने ग्राहकों को उड़ान सेवाओं के बारे में खुशखबरी दी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, विस्तारा एयरलाइंस 4 मई 2020 से अपनी उड़ान सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगी। साथ ही लॉकडाउन के समय खर्चों की व्यवस्था करने के लिए एयरलाइन ने अपने एक तिहाई कर्मचारियों को बिना वेतन के तीन दिन की छुट्टी पर रहने का निर्देश दिया है। इसके लिए विस्तारा के कर्मचारियों को 1 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच तीन दिन बिना वेतन के छुट्टी लेने को कहा गया था।
आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की जाएगी
इस बारे में विस्तारा एयरलाइंस ने आधिकारिक तौर पर कहा कि हम अपने, ग्राहकों और स्टाफ के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए विनियामक दिशानिर्देशों के साथ-साथ कई अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का सख्ती से पालन किया जाएगा।
इंडिगो अंतराष्ट्रीय सेवांए भी शुरू कर सकती है
वहीं, दूसरी ओर इंडिगो एयरलाइंस भी दूसरे लॉकडाउन के खत्म होने के बाद अपनी उड़ान सेवाओं को शुरू करने की सोच रही है। हालांकि, इंडिगो अपनी उड़ान सेवाओं को छोटे पैमाने पर शुरू करने जा रही है। इसके बाद अगले कुछ महीनों में इसमें बढ़ोत्तरी की जाएगी। इसके साथ ही इंडिगो कुछ अंतराष्ट्रीय सेवाओं को भी शुरू करने की योजना बना रही है।
आपको बता दें कि एयरलाइंस ने एक बार फिर अपने ग्राहकों को टिकट कैंसल करने के बदले में यात्रा की तारीख को पुनः तय करने के लिए कहा है। इससे पहले भी एयरलाइंस ने लॉकडाउन के पहले चरण में ग्राहकों को रिफंड के बदले यात्रा की तारीख निर्धारित करने की सलाह दी थी। इसके लिए विस्तारा एयरलाइंस ने अपने ग्राहकों को बिना शुल्क के अपनी यात्रा को निर्धारित करने के लिए 31 दिसंबर 2020 तक समय दिया है।