विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्मी की छुट्टियों के बाद कैसे पटरी पर लाएं बच्चों का रूटीन? काम आएंगे साइकोलॉजिस्ट के बताए टिप्स

Published: Sun, 28 Jun 2026 11:41 AM (IST)

गर्मियों की छुट्टियों के बाद बच्चों को स्कूल के अनुशासन और सही दिनचर्या में वापस लाना माता-पिता के लिए चुनौती भरा होता है।

छुट्टियां खत्म होने के बाद बच्चों को स्कूल के लिए ऐसे करें मानसिक रूप से तैयार (Image Source: AI-Generated)

छुट्टियां खत्म होने के बाद बच्चों को स्कूल के लिए ऐसे करें मानसिक रूप से तैयार (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। डेढ़-दो महीने की लंबी छुट्टी के बाद दोबारा स्कूल के कड़े अनुशासन, सुबह जल्दी उठने की जद्दोजहद और सबसे बढ़कर बच्चों को मोबाइल व टीवी की स्क्रीन से दूर रखना माता-पिता के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होता। स्कूल साइकोलॉजिस्ट गीतिका कपूर बता रही हैं कि कैसे स्क्रीन की जिद को दूर करके पटरी पर लाई जाए दिनचर्या की गाड़ी...

जून के आखिरी और जुलाई के शुरुआती हफ्ते आते ही घरों में अलग ही हलचल शुरू हो जाती है। लंबी छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने वाले होते हैं। इस दौरान बच्चों के भीतर एक अनजाना डर, चिड़चिड़ापन और एंग्जायटी (बैक टू स्कूल एंग्जायटी) भी पनपने लगती है। इस तनाव की एक बड़ी वजह छुट्टियों में बिगड़ा हुआ रूटीन और अनियंत्रित स्क्रीन टाइम भी है। छुट्टियों में बिगड़ चुके रूटीन के बाद बच्चे को मानसिक रूप से स्कूल के लिए तैयार करने के इस बदलाव को डांट-डपट के बजाय धैर्य और समझदारी से बना सकते हैं आसान।

back to school routine after summer break

(Image Source: AI-Generated) 

चिड़चिड़े हो रहे हैं बच्चे

स्क्रीन टाइम सिर्फ बच्चों पर ही नहीं, हर उम्र के लोगों पर एक जैसा असर करता है- यह हमें आस-पास के वातावरण से काट देता है। जब बच्चे स्क्रीन की आभासी दुनिया में खोए होते हैं और अचानक उनसे गैजेट्स वापस लिए जाते हैं या पढ़ाई की बात की जाती है, तो वे चिड़चिड़े हो जाते हैं। यह चिड़चिड़ाहट असल में सामान्य मानवीय प्रतिक्रिया है। जब आप बच्चे को दोबारा अनुशासित दिनचर्या की तरफ लाते हैं, तो दो बातें गांठ बांध लें: पहला, धैर्य और दूसरा, एक तय सिस्टम। बच्चे को डांटने या कठोर सजा देने से उसका भावनात्मक तनाव और बढ़ जाएगा। शांत लेकिन दृढ़ आवाज में बच्चे को समझाएं कि यह बदलाव उनकी सेहत और विकास के लिए है, न कि उन्हें परेशान करने के लिए।

ये नखरा है या तनाव?

अक्सर पैरेंट्स समझ नहीं पाते कि बच्चा गैजेट्स न मिलने के कारण नाटक कर रहा है या वह सचमुच स्कूल के कारण किसी बात से घबराया हुआ है। बच्चे के नखरों को नकारात्मक व्यवहार के रूप में देखने के बजाय इसे उसका अव्यक्त संवाद समझें। टैंट्रम या नखरे असल में बच्चे का यह कहने का तरीका है कि 'मुझे नहीं पता क्या हो रहा है,' या 'मुझे यह रूटीन पसंद नहीं आ रहा।' जब बच्चा गुस्सा दिखाए, तो पैरेंट्स को थोड़ा पीछे हटकर उसकी मनःस्थिति को समझना चाहिए और बातचीत का नया जरिया तलाशना चाहिए।

उन्हें दें ग्राउंडिंग थेरेपी

कुछ बच्चे नई क्लास में जाने या पैरेंट्स से दूर होने को लेकर गंभीर रूप से तनाव में आ जाते हैं। इसके लिए हमेशा धीमी शुरुआत करें। स्कूल के शुरुआती दिनों में पैरेंट्स खुद बच्चे को स्कूल छोड़ने-लेने जाएं। यदि संभव हो, तो स्कूल प्रशासन से बात करके बच्चे को पहले कुछ दिन पूरे समय के बजाय हाफ-डे (आधे दिन) के लिए ही स्कूल भेजें। बच्चे से बात करें, उसकी भावनाओं को समझने का विश्वास दिलाएं साथ ही उसे स्कूल में सहयोग मिलने की बात भी बताएं। स्कूल में ऐसा शांत कोना होना चाहिए, जहां असहज महसूस करने पर बच्चा थोड़ी देर बैठ सके, कोई किताब पढ़ सके व खुद को शांत कर सके। बच्चे को एंग्जायटी के वक्त शांत रहने के लिए बाक्स ब्रीदिंग सिखाएं। इसके साथ ही पैरों को जमीन पर मजबूती से टिकाकर एंकल्स को रिदम में ऊपर-नीचे करने से हार्ट रेट सामान्य होती है और शरीर का तनाव कम होता है। इस ग्राउंडिंग थेरेपी से बच्चे तनाव को नियंत्रित करने के बारे में सीखते हैं।

ये हैं स्क्रीन के विकल्प

अब सबसे बड़ी समस्या होती है कि स्कूल से आने के बाद शाम को बच्चों को रिलैक्स होने के लिए स्क्रीन की लत से कैसे बचाएं? बच्चे स्वाभाविक रूप से रचनात्मक होते हैं। अगर उन्हें खिलौनों या सामान से भरे कमरे में छोड़ दिया जाए, तो वे खुद का कोई खेल (प्रीटेंड प्ले) या रोल-प्ले ढूंढ लेते हैं। शाम के समय उन्हें मोबाइल देने के बजाय बोर्ड गेम्स, कार्ड्स, गार्डनिंग (बागवानी) या बेकिंग जैसी गतिविधियों में व्यस्त करें। इसके अलावा क्ले-माडलिंग, पेंटिंग, पानी या रेत से खेलना बच्चों को बेहतरीन सेंसरी इनपुट देता है, जो दिमाग को शांत करता है। सबसे जरूरी है- पैरेंट्स का साथ! उन्हें गले लगाना और साथ बैठकर बातें करना किसी भी थेरेपी से बढ़कर होता है।

कब लें प्रोफेशनल की मदद?

यदि स्कूल खुलने के दो हफ्तों के बाद भी बच्चे का चिड़चिड़ापन, गुस्सा या बहुत ज्यादा रोना-धोना कम नहीं हो रहा है और आप खुद को एक ही चक्र में फंसा हुआ पा रहे हैं, तो बिना झिझक किसी चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट या स्कूल काउंसलर से संपर्क करें। एक एक्सपर्ट आपको इस स्थिति से बाहर निकलने का सहज और सही रास्ता दिखा सकता है।

ऐसे सुधारें स्लीप पैटर्न

छुट्टियों में देर से सोने और देर से जागने के बाद अचानक सुबह जल्दी उठना बच्चों के लिए सबसे मुश्किल होता है। इसे रातों-रात बदलने की कोशिश करेंगे, तो घर में झगड़े ही होंगे। इसकी एक थंब रूल प्रक्रिया है:

  • सबसे पहले नोट करें कि बच्चा फिलहाल किस समय सो रहा है (जैसे रात 11 या 12 बजे)।
  • अब हर रात सोने के समय को 15 से 20 मिनट पहले करते हुए आगे खिसकाना शुरू करें।
  • शरीर को नए रूटीन में ढलने में कम से कम 10 से 15 दिन का समय लगता है। इसलिए स्कूल खुलने के एक हफ्ते पहले से ही इस प्रक्रिया को धीरे-धीरे अपनाएं ताकि पहले दिन सुबह उठते समय बच्चा फ्रेश और खुशमिजाज रहे, न कि चिड़चिड़ा।
  • सोने के समय के साथ-साथ, अंतिम हफ्ते में दिन के समय कम से कम 1 घंटा लिखने-पढ़ने या सोचने वाले दिमागी कसरतों के लिए तय करें, ताकि स्कूल का एकेडमिक प्रेशर उन पर अचानक हावी न हो।

यह भी पढ़ें- फिजूलखर्ची छोड़ बचत करना सीखेंगे बच्चे, पॉकेट मनी के जरिए उन्हें ऐसे सिखाएं पैसों की वैल्यू करना

यह भी पढ़ें- बच्चे को सिर्फ 'शाबाश' कहना काफी नहीं! इन 4 तरीकों से बढ़ाएं उनका कॉन्फिडेंस और बनाएं 'सुपरहीरो'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।