Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    World Veterinary Day: हर साल क्यों मनाया जाता है विश्व पशु चिकित्सा दिवस, जानें इसका इतिहास

    By Ruhee ParvezEdited By:
    Updated: Sat, 30 Apr 2022 12:14 PM (IST)

    World Veterinary Day हर साल विश्व पशु चिकित्सा दिवस मनाया जाता है जो अप्रैल महीने के आखिरी शनिवार को मनाते हैं। इस साल यह दिन 30 अप्रैल को मनाया जा रहा है। यह दिन पालतू जानवरों की देखभाल के साथ एक ज़िम्मेदार पालतू पशु मालिक बनना भी सिखाता है।

    Hero Image
    World Veterinary Day: जानें विश्व पशु चिकित्सा दिवस का इतिहास

    नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। World Veterinary Day: विश्व पशु चिकित्सा दिवस हर साल अप्रैल के आखिरी शनिवार को मनाया जाता है। इस साल यह दिन 30 अप्रैल को मनाया जा रहा है। इस दिन का उद्देश्य पशु स्वास्थ्य देखभाल और पशु क्रूरता को रोकने के लिए कदम उठाने के बारे में जागरूकता फैलाना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह दिन पालतू जानवरों की देखभाल से संबंधित विभिन्न पहलुओं के बारे में अच्छी तरह से सूचित होने के साथ-साथ एक ज़िम्मेदार पालतू पशु मालिक बनना भी सिखाता है।

    World Veterinary Day 2022: थीम

    विश्व पशु चिकित्सा दिवस 2022 का विषय पशु चिकित्सा को मज़बूत करना है। इसका मतलब पशु चिकित्सकों को उनकी यात्रा में सभी प्रकार की आवश्यक सहायता, संसाधन उपलब्ध कराना है। यह पशु चिकित्सकों और पशु चिकित्सा संघों द्वारा किए गए प्रयासों को भी पुरस्कृत करेगा।

    आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इस वर्ष, विश्व पशु चिकित्सा दिवस "पशु चिकित्सकों, पशु चिकित्सा संघों और अन्य लोगों के प्रयासों का जश्न मनाएगा ताकि पशु चिकित्सा को मज़बूत किया जा सके और इस महत्वपूर्ण कारण पर ध्यान आकर्षित किया जा सके।" 2021 में, विश्व पशु चिकित्सा दिवस की थीम "कोविड-19 संकट के लिए पशु चिकित्सक की प्रतिक्रिया" थी।

    World Veterinary Day 2022: इतिहास

    विश्व पशु चिकित्सा दिवस का इतिहास 1863 से शुरू होता है। एडिनबर्ग के वेटरनरी कॉलेज के प्रोफेसर जॉन गमगी ने यूरोप के पशु चिकित्सकों को एक बैठक के लिए आमंत्रित किया था। इस बैठक का नाम इंटरनेशनल वेटरनरी कांग्रेस रखा गया। 1906 में विश्व पशु चिकित्सा कांग्रेस के 8वें सत्र के सदस्यों ने एक स्थायी समिति का गठन किया था। स्टॉकहोम में कांग्रेस के 15वें अधिवेशन में स्थायी समिति और अन्य सदस्यों को बड़े संगठन की आवश्यकता महसूस हुई। इसलिए, 1959 में मैड्रिड में आयोजित अगले कांग्रेस सत्र के साथ, विश्व पशु चिकित्सा संघ की स्थापना की गई।

    1997 में एक नया संविधान बना और संगठन की संरचना को भी पूरी तरह से बदल दिया गया। विश्व पशु चिकित्सा संघ में 70 से अधिक देशों के सदस्य शामिल हैं। एसोसिएशन के प्रत्येक सदस्य को एक निश्चित सदस्यता शुल्क का भुगतान करना आवश्यक है। 2001 में, विश्व पशु चिकित्सा संघ ने अप्रैल के अंतिम शनिवार को विश्व पशु चिकित्सा दिवस मनाने का निर्णय लिया।